द फॉलोअप डेस्क
रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता हुए दो मासूम बच्चों अंश और अंशिका का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। रांची पुलिस लगातार दोनों बच्चों की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस की ओर से बच्चों की जानकारी देने वाले को 2 लाख इनाम देने की घोषणा भी की गई है। इसी बीच अपराधी राहुल सिंह गिरोह ने भी अब दरियादिली दिखाते हुए दोनों मासूम बच्चों की सूचना देने वाले को दो लाख रुपया पुरस्कार देने की घोषणा की है। इसकी जानकारी गिरोह ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया के जरिये दी है।
जानकारी में कहा गया है कि "लापता बच्चे अंश (5 वर्ष) और अंशिका (4 वर्ष) को खोजने में मदद करें। दो जनवरी को रांची के धुर्वा स्थित मौसीबाड़ी खटाल से दो मासूम भाई-बहन अंश कुमार और अंशिका कुमारी गायब हो गए। वे बिस्किट खरीदने निकले थे और अब तक नहीं लौटे। इनकी जानकारी देने वाले को गैंग की तरफ से दो लाख रूपए दिए जाएंगे।" गिरोह की ओर से लोगों से अनुरोध किया गया है कि अंश और अंशिका की तस्वीर ज्यादा से ज्यादा शेयर करें। अपने क्षेत्र में नजर रखें और कोई सुराग मिले तो तुरंत इसकी प्रशासन को दें। 
आपको मालूम हो कि 2 जनवरी को धुर्वा के मल्लार टोली से 5 वर्षीय अंश और 4 वर्षीय अंशिका घर के पास की दुकान से सामान खरीदने निकले थे और फिर वापस नहीं लौटे। पुलिस लगातार बच्चों की खोजबीन कर रही है। वहीं मामले की जांच के लिए 40 सदस्यीय एसआईटी (SIT) का गठन किया है और चार राज्यों में छापेमारी भी की है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।