logo

रिम्स में अब मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा के तहत भी  होगा इलाज, कर्मचारियों को मिलेगा सीधा लाभ

rimss1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राज्य के प्रमुख चिकित्सा संस्थान 'रिम्स' को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत पैनल में शामिल कर लिया गया है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से अब रिम्स में इलाज कराने वाले मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के पात्र मरीज सीधे इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। यह कदम रिम्स आने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है, क्योंकि अब उन्हें गुणवत्तापूर्ण इलाज के लिए आर्थिक चिंताओं से नहीं जूझना पड़ेगा।
इस योजना के दायरे में रिम्स के सभी अधिकारी, चिकित्सक, कर्मचारी और उनके आश्रितों को भी लाया गया है। यह रिम्स में कार्यरत सभी लोगों के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एक बड़ा और कल्याणकारी कदम है। इस संबंध में रिम्स और झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी (JSAS) के बीच जल्द ही एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिससे सभी प्रक्रियात्मक और प्रशासनिक कार्यों को औपचारिक रूप से क्रियान्वित किया जा सके। JSAS द्वारा रिम्स कर्मियों का पंजीकरण तेजी से किया जा रहा है, ताकि लाभार्थियों को शीघ्र ही योजना का कवर मिल सके।

आज इस पहल की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रिम्स और टाटा एआईजी के बीच एक आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए गए। इस मौके पर रिम्स के चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर डॉ हीरेन्द्र बिरुआ, अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ शैलेश त्रिपाठी, उपाधीक्षक-II डॉ राजीव रंजन, टाटा एआईजी के वरिष्ठ प्रबंधक डॉ अमित सिंह, और एमडी इंडिया के जिला समन्वयक निलय प्रत्युष उपस्थित रहे। यह समझौता रिम्स और उसके कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा के एक नए युग की शुरुआत है।
 

Tags - Office of Chief Minister Jharkhand Hemant Soren Irfan Ansari TATA AIG RIMS news chief minister news jharkhand news jharkhand latest news jharkhand update