logo

झारखंड में 15 से 18 अगस्त तक झमाझम बारिश, रांची समेत 20 जिलों में अलर्ट

weather_jharkhand_78781.jpg

रांची
झारखंड में मानसून का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 15 अगस्त को राजधानी रांची सहित राज्य के 20 जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। दिन के दौरान एक-दो बार हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ समय के लिए धूप भी निकल सकती है। दूसरी ओर सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में मध्यम से भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 12 घंटे में झारखंड के ऊपर सक्रिय मॉनसूनी बादल और हवाएं धीरे-धीरे कमजोर होकर आगे बढ़ सकती हैं।
16 अगस्त को सात जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 16 अगस्त को सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा और चतरा जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों में गरज के साथ बिजली गिरने और तेज हवा चलने की भी आशंका है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
17 और 18 अगस्त को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
17 अगस्त को पलामू, चतरा, हजारीबाग, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 18 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम के धीरे-धीरे साफ होने की संभावना जताई गई है।
कई जिलों में हुई अच्छी बारिश
शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। जगन्नाथपुर में 22 मिमी, मेदिनीनगर में 11 मिमी, खूंटी में 7 मिमी, लोहरदगा में 6 मिमी, बोकारो में 5 मिमी और रांची में 4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं रांची के कांके क्षेत्र में पिछले 12 घंटों के दौरान 46 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बारिश से रांची के तापमान में आई बड़ी गिरावट
लगातार हो रही बारिश का असर राजधानी रांची के तापमान पर भी देखने को मिला। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में 5.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और यह 26 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री घटकर 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली।
झारखंड में सामान्य से 18% कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 14 अगस्त तक झारखंड में सामान्य से 18 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि राजधानी रांची में यह कमी केवल 2 प्रतिशत रही। दूसरी ओर पश्चिमी सिंहभूम जिले में इस अवधि के दौरान सामान्य से 32 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
 

Tags - Jharkhand Ranchi Weather Monsoon Rain Alert