logo

झारखंड में आज बदलेगा मौसम का मिजाज, 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

weather_jharkhand_rain_special.jpg

रांची 
झारखंड में रविवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। वहीं राजधानी रांची में दिनभर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र ने धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 20 जुलाई को भी रांची में बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दिन कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।चार दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले चार दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिला बना रहेगा। 20 और 21 जुलाई को कई स्थानों पर तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है, जबकि 22 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश के साथ वज्रपात गिरने की भी आशंका जताई गई है। 
एक-दो घंटे की तेज बारिश बन रही नई चुनौती
इस बार झारखंड में मानसून का पैटर्न बदला हुआ नजर आ रहा है। पिछले एक सप्ताह 12 से 18 जुलाई के आंकड़े बताते हैं कि अब लंबे समय तक लगातार बारिश होने के बजाय एक से दो घंटे के भीतर ही भारी वर्षा दर्ज की जा रही है। 17 जुलाई को रामगढ़ में 60.5 मिमी, 18 जुलाई को रांची में करीब 50 मिमी और 16 जुलाई को सिमडेगा में 41.5 मिमी बारिश इसी ट्रेंड का उदाहरण है। मेदिनीनगर और चाईबासा में भी कम समय की तेज बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन रही है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से यह स्थिति बनी हुई है। उनका कहना है कि जब यह सिस्टम झारखंड के मध्य भाग से गुजरेगा, तब एक-दो दिनों तक लगातार बारिश होने की संभावना है। 
रांची में दो घंटे की बारिश से शहर हुआ जलमग्न
शनिवार को रांची में दोपहर 2 बजे से शाम 3:30 बजे तक हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। इसके बाद देर शाम और रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। इस दौरान करीब 50 से 65 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो इस सीजन की सबसे अधिक बारिश मानी जा रही है। महज दो घंटे की बारिश में कोकर, मेन रोड, बरियातू, मोरहाबादी, रातू रोड, कांके, कचहरी चौक समेत कई इलाकों में जलजमाव हो गया। अपर बाजार, चुटिया, लोअर वर्द्धमान कंपाउंड और मधुकम जैसे निचले क्षेत्रों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया। मेन रोड स्थित दुर्गा बाड़ी परिसर भी पहली बार जलमग्न हो गया। नालियां उफनने से सड़कें पानी से भर गईं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।सक्रिय मानसून से किसानों को मिली राहत
बारिश के सक्रिय दौर से किसानों को राहत मिलने लगी है। पिछले तीन दिनों में राज्य में वर्षा की कमी करीब 3 प्रतिशत कम हुई है। 15 जुलाई तक जहां झारखंड में सामान्य से 41 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी, वहीं अब यह घटकर 38 प्रतिशत रह गई है। 1 जून से 18 जुलाई तक राज्य में सामान्य 371.2 मिमी वर्षा के मुकाबले 231.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं रांची में सामान्य 383.9 मिमी के मुकाबले 306.4 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से करीब 20 प्रतिशत कम है।
अगले कुछ दिनों में और बेहतर बारिश की उम्मीद
मौसम विभाग का मानना है कि यदि अगले तीन से चार दिनों तक इसी तरह बारिश जारी रहती है, तो डैमों का जलस्तर बढ़ेगा और धानरोपनी के कार्य में तेजी आएगी। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और रांची होते हुए उत्तर बिहार तक फैली मानसून ट्रफ के कारण आने वाले दिनों में राज्य में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।

Tags - Jharkhand Weather Ranchi Monsoon Heavy Rain IMD