रांची
डुमरी विधायक जयराम महतो आज गुरुवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित धरना स्थल पहुंचे, जहां वे भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से मिले। इस दौरान उन्होंने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार के साथ होने वाली वार्ता के लिए जाने वाले छात्र डेलिगेशन का भी समर्थन किया। जयराम महतो ने स्पष्ट कहा कि छात्र डेलिगेशन में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) का कोई सदस्य शामिल नहीं है, लेकिन उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि "हमारा मुद्दा एक ही है। छात्रों की मांगें पूरी होनी चाहिए।
सरकार के जवाब का इंतजार, धरना स्थल पर ही वार्ता की मांग
उन्होंने कहा कि अब सरकार की ओर से वार्ता के लिए समय और स्थान तय किए जाने का इंतजार है। वहीं, छात्रों और जयराम महतो दोनों ने सुझाव दिया कि यदि सरकार जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित धरना स्थल पर ही आवश्यक बैरिकेडिंग कर छात्रों से बातचीत करे, तो यह सबसे बेहतर विकल्प होगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार जिस स्थान और समय पर वार्ता तय करेगी, छात्र वहां जाकर बातचीत के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि छात्रों का उद्देश्य केवल अपनी मांगों के समाधान के लिए सार्थक संवाद करना है।