रांची
झारखंड पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। रांची के चर्चित भाजपा नेता अनिल टाइगर हत्याकांड में पुलिस को खुली चुनौती देने वाले मुख्य शूटर और सुपारी किलर अभिषेक कुमार उर्फ सूरज सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया गया है। झारखंड पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोलकाता से दबोचा। ग्रामीण एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आरोपी लंबे समय से अपनी पहचान छिपाकर फरार चल रहा था।
5 लाख में दी थी भाजपा नेता की हत्या की सुपारी
पुलिस के मुताबिक, अनिल टाइगर की हत्या की साजिश देव्रतनाथ शहदेव ने रची थी। उसने अभिषेक कुमार उर्फ सूरज सिन्हा को 5 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। इसके बाद अभिषेक ने हत्या को अंजाम देने के लिए शूटर अमन और रोहित को हायर किया। दोनों शूटरों ने योजनाबद्ध तरीके से भाजपा नेता की हत्या को अंजाम दिया था। हत्या के बाद अभिषेक लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और कोलकाता में नकली पहचान के सहारे रह रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद झारखंड पुलिस की टीम ने कोलकाता में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान अभिषेक ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
पुलिस को चकमा देने वाला अभिषेक ऐसे चढ़ा हत्थे
ग्रामीण एसपी ने बताया कि महज 22 साल की उम्र में अभिषेक अपराध की दुनिया का बड़ा नाम बन चुका था। उस पर पहले से तीन हत्या के आरोप दर्ज हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वह बेहद शातिर तरीके से अपराधों को अंजाम देता था और लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों और मददगारों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। भाजपा नेता की हत्या के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।