रांची
बीआईटी मेसरा के कंप्यूटर साइंस विभाग के दो छात्रों, कुशाग्र सहाय और अंकित कुमार ने बेंगलुरु बेस्ड कंपनी 'लिंक्डइन' में 1.40 करोड़ और 1.09 करोड़ रुपये का सालाना पैकेज हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया है। वहीं, सफलता के इस सफर में IIT-ISM धनबाद ने और ऊंची छलांग लगाते हुए इस सत्र में अपने दो छात्रों को 1.59 करोड़ रुपये का इस साल का सबसे बड़ा इंटरनेशनल पैकेज दिलाया है। दोनों ही संस्थानों में अब तक करीब 75 से 90 प्रतिशत छात्रों का प्लेसमेंट हो चुका है।
बीआईटी के दोनों छात्रों के बारें में जानें
बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के साल 2022-26 बैच के दो होनहार छात्रों कुशाग्र सहाय और अंकित कुमार ने कैंपस प्लेसमेंट में एक करोड़ रुपए से अधिक का पैकेज हासिल किया है। दोनों छात्र कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग विभाग के है। कुशाग्र सहाय को 1.40 करोड़ ANNUAL CTC और अंकित कुमार को 1.09 करोड़ रुपए ANNUAL CTC का शानदार पैकेज ऑफर मिला है। प्लेसमेंट सेल की डॉ. श्रद्धा शिवानी ने बताया कि दोनों होनहार छात्रों का प्लेसमेंट बेंगलुरु बेस्ड लिंक्डइन कंपनी में हुआ है। कुशाग्र ने 10वीं तक की पढ़ाई संत थॉमस, धुर्वा और 12वीं डीपीएस, रांची से पूरी की है। मां सुनिता नारायण टीचर और और पिता मनीष सीसीएल दरभंगा हाउस में नौकरी करते हैं। अंकित कुमार डालटनगंज के रहनेवाले हैं। अंकित ने अपनी 10वीं की पढ़ाई ब्राइटलैंड स्कूल, डालटनगंज से और 12वीं डीएवी हेहल से पूरी की। अंकित के पिता अश्विनी कुमार एसपी ऑफिस में कार्यरत हैं। मां भावना देवी हाउस वाइफ हैं।
240 कंपनियां पहुंचीं प्लेसमेंट ड्राइव में
बीआईटी मेसरा के प्लेसमेंट सेल के अनुसार, इस वर्ष कैंपस प्लेसमेंट के लिए करीब 240 कंपनियां पहुंचीं, जिसके तहत अब तक लगभग 75 प्रतिशत छात्रों का चयन हो चुका है। शेष छात्र उच्च शिक्षा के लिए विदेश या अन्य संस्थानों का रुख करते हैं या फिर अपना स्टार्टअप और व्यवसाय शुरू करने का विकल्प चुनते हैं। संस्थान के प्लेसमेंट इतिहास में एक बड़ा रिकॉर्ड 2021-25 बैच के कंप्यूटर इंजीनियर निडूमोलू लक्ष्मी नारायण राव के नाम रहा, जिन्हें रुब्रिक कंपनी द्वारा 1.45 करोड़ रुपए का सालाना पैकेज मिला था। यह अब तक संस्थान के किसी भी छात्र को मिलने वाला सबसे बड़ा पैकेज है।
IIT-ISM धनबाद के दो छात्रों को 1.59 करोड़ का पैकेज
IIT-ISM धनबाद ने एक बार फिर प्लेसमेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। इस सत्र में संस्थान के दो छात्रों को 1.59 करोड़ रुपए का सबसे बड़ा सालाना पैकेज मिला है। यह इस वर्ष का हाईएस्ट ऑफर है। इसके साथ ही संस्थान ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान कायम रखी है। राज्य के प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थानों में प्लेसमेंट का दौर अब अंतिम चरण में है। अधिकांश कॉलेजों में 75 से 90 प्रतिशत छात्रों को नौकरी मिल चुकी है। कुछ संस्थानों में अभी भी कैंपस प्लेसमेंट प्रक्रिया जारी है।