रांची
स्वास्थ्य मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 15 जून से 19 जून 2026 तक एक 'मेगा मोतियाबिंद सर्जरी शिविर' का आयोजन होने जा रहा है। मुख्यालय पूर्वी कमान और मुख्यालय 111 एरिया के सहयोग से आयोजित होने वाले इस विशेष शिविर में, दिल्ली के आर्मी हॉस्पिटल R&R के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा सैन्य चिकित्सालय, नामकुम में अत्याधुनिक तकनीक से मरीजों का मुफ्त इलाज और ऑपरेशन किया जाएगा।
सेना के विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे मोतियाबिंद का इलाज
इस विशेष स्वास्थ्य शिविर में मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों का इलाज पूरी तरह आधुनिक तकनीक से किया जाएगा। मरीजों के ऑपरेशन के लिए फेको तकनीक का इस्तेमाल होगा और उनकी आंखों में फोल्डेबल लेंस डाले जाएंगे। इस अभियान को सफल बनाने के लिए दिल्ली के मशहूर Army Hospital R&R के सीनियर और विशेषज्ञ डॉक्टर विशेष रूप से रांची आ रहे हैं।
नामकुम मिलिट्री हॉस्पिटल में होंगे सभी ऑपरेशन
मरीजों की सुरक्षा और बेहतर इलाज के लिए सभी ऑपरेशन मिलिट्री हॉस्पिटल, नामकुम में किए जाएंगे। इस नेक काम के लिए 'सर्वांगीण ग्राम विकास संस्था' और 'स्वामी दयानंद नेत्रालय' ने खूंटी के सिविल सर्जन से मदद और सहयोग की अपील की है।
गांव-गांव से मरीजों को लाने की तैयारी
संस्था का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण इलाकों के बुजुर्गों और जरूरतमंदों तक पहुंचना है। इसके लिए उन्होंने जिले की सहिया दीदियों से मदद मांगी है। संस्था ने अपील की है कि सहिया ग्रामीण क्षेत्रों में घूम-घूम कर मोतियाबिंद के मरीजों की पहचान करें और उन्हें इस मुफ्त इलाज शिविर तक पहुंचाने में मदद करें।
मरीजों को अस्पताल लाने पर सहिया को 300 रुपए
संस्था ने बताया है कि मरीजों को गाड़ी से स्वामी दयानंद नेत्रालय से नामकुम के मिलिट्री हॉस्पिटल ले जाया जाएगा। ऑपरेशन के सात दिन बाद मरीजों की दोबारा जांच होगी और उन्हें जरूरी इलाज भी अस्पताल में ही दिया जाएगा। इस अभियान को कामयाब बनाने के लिए, जो भी 'सहिया' मरीजों को अस्पताल लेकर आएंगी, उन्हें इनाम के रूप में 300 रुपये दिए जाएंगे। संस्था का मानना है कि इस कदम से गांवों के रहने वाले और गरीब परिवारों को आंखों के इलाज की आधुनिक और बढ़िया सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके साथ ही, संस्था ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से भी इस नेक काम में मदद करने की अपील की है।