द फॉलोअप डेस्क
आरपीएफ रांची के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में चल रहे विशेष सतर्कता अभियान के दौरान हटिया आरपीएफ ने एक सराहनीय कार्य किया है। बुधवार को हटिया स्टेशन पर पुरी-हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस (18452) के आगमन के दौरान एक नवजात शिशु को शौचालय के डस्टबिन से सुरक्षित बचाया गया है।.jpeg)
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 18452 जैसे ही प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पहुंची, आरपीएफ पोस्ट हटिया के स्टाफ बिरसा ओरांव नियमित जांच कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर कोच S4 के शौचालय में रखे डस्टबिन पर गई, जहां एक जीवित नवजात शिशु लावारिस हालत में पड़ा हुआ था।.jpg)
शिशु मिलने की सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट हटिया की एसआई साधना कुमारी और महिला आरक्षी रीना यादव तुरंत मौके पर पहुंची और मासूम को अपनी सुरक्षा में लिया। इसके बाद जीआरपी हटिया और चाइल्डलाइन हटिया के सहयोग से बच्चे को तत्काल डीआरएच हटिया ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद, बेहतर इलाज और निगरानी के लिए नवजात को रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।