रांची:
Ranchi News: झारखंड की जेलों में लंबे समय बाद लिपिकों की नियुक्ति होगी। गृह विभाग ने निम्नवर्गीय लिपिक सह कंप्यूटर संचालक के 29 पदों पर सीधी नियुक्ति के लिए प्रारंभिक जानकारी झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) को भेज दी है। इसके साथ ही पदों के सृजन और पिछले वर्ष लागू नियुक्ति नियमावली की जानकारी भी दी गई है, ताकि आयोग नियुक्ति प्रक्रिया की तैयारी कर सके।

अगले माह जारी हो सकता है नियुक्ति विज्ञापन
इन पदों पर नियुक्ति झारखंड इंटरमीडिएट स्तर (कंप्यूटर ज्ञान एवं कंप्यूटर में हिंदी टंकण अर्हता धारक पद के लिए) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से की जाएगी। वर्ष 2023 में शुरू हुई इस परीक्षा की प्रक्रिया हाल ही में रद्द कर दी गई थी। अब लिपिकों के पदों को शामिल करने के बाद प्रतियोगिता परीक्षा की प्रक्रिया नए सिरे से शुरू की जाएगी। इसके लिए अगले माह विज्ञापन जारी होने की संभावना है। जेलों में निम्नवर्गीय लिपिकों की नियुक्ति गृह विभाग द्वारा पिछले वर्ष अधिसूचित झारखंड राज्य कारा लिपिक सह कंप्यूटर संचालक संवर्ग नियुक्ति नियमावली, 2025 के तहत की जाएगी।
.jpeg)
इंटरमीडिएट पास अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का इंटरमीडिएट या 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, अभ्यर्थियों के पास सरकार से मान्यता प्राप्त निबंधित संस्थान से कंप्यूटर एप्लीकेशन में न्यूनतम छह माह के डिप्लोमा कोर्स का प्रमाणपत्र होना चाहिए। अभ्यर्थियों को सॉफ्टवेयर का ज्ञान होना भी आवश्यक होगा। इसकी जांच नियुक्ति परीक्षा के दौरान की जाएगी। नियुक्ति के लिए न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष निर्धारित है, जबकि अधिकतम आयु सीमा कार्मिक विभाग द्वारा लागू नियमों के अनुसार होगी।
जेलों के लिए सृजित किए गए हैं 49 लिपिक पद
गृह विभाग ने जेलों में लिपिकों के कुल 49 पद सृजित किए हैं। इनमें निम्नवर्गीय लिपिक के 29 और उच्चवर्गीय लिपिक के 20 पद शामिल हैं। निम्नवर्गीय लिपिक के पदों पर सीधी नियुक्ति की जाएगी, जबकि उच्चवर्गीय लिपिक के पदों को प्रोन्नति के माध्यम से भरा जाना है।
जेलों में रिक्त पदों को लेकर हाईकोर्ट ने जताई नाराजगी
झारखंड की जेलों में विभिन्न श्रेणियों के पद रिक्त रहने को लेकर हाल ही में झारखंड हाईकोर्ट ने नाराजगी जाहिर की है। इस मामले की सुनवाई के दौरान झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से बताया गया कि जेल वार्डन, पैरामेडिकल स्टाफ और सहायक कारापाल के पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
पैरामेडिकल स्टाफ और जेल वार्डन की नियुक्ति प्रक्रिया भी तेज
पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति के लिए परीक्षा आयोजित की जा चुकी है। आयोग के अनुसार, दो सप्ताह के भीतर शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी जाएगी। वहीं, सहायक कारापाल और जेल वार्डन के पदों के लिए शारीरिक जांच परीक्षा आयोजित की जानी है। सहायक कारापाल के पदों पर नियुक्ति के लिए 28 अक्टूबर से शारीरिक जांच परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए तीन बोर्ड का गठन किया गया है।