द फॉलोअप डेस्क
रांची के लालपुर चौक स्थित मून डिस्को बार के बाहर कार से कुचलकर युवक की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर गठित टीम ने इस मामले में दोनों मुख्य आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। 
मालूम हो कि 4 जनवरी की रात करीब नौ बजे सत्यप्रकाश सिंह अपने भांजे अंकित कुमार सिंह और उसके दोस्तों के साथ मून डिस्को बार गए थे। इसी बीच रात के करीब 12 बजे जब वे बार से बाहर निकले, तभी कुछ लोग उनपर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान सड़क पर खड़ी सफेद कार से अंकित और उसके दोस्तों को कुचलने की कोशिश की गई। जिससे अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं उसका साथी आकाश कुमार भी जख्मी हो गया।
इसके बाद आरोपी दोबारा कार से अंकित को कुचलकर मौके से फरार हो गए। घायल अंकित को सदर अस्पताल, रांची ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे रिम्स रेफर कर दिया गया। रिम्स में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।