logo

गिरिडीह में जमीन माफियाओं का आतंक, विवादित मकान पर कब्जे की कोशिश; बुजुर्ग पर रॉड से हमला

गिरिडीह में जमीन माफियाओं का आतंक, विवादित मकान पर कब्जे की कोशिश; बुजुर्ग पर रॉड से हमला

गिरिडीह: 
Girdih News:
गिरिडीह में जमीन कारोबार से जुड़े कुछ लोगों पर विवादित संपत्तियों पर जबरन कब्जा करने के आरोप लग रहे हैं। जमीन विवाद चाहे पारिवारिक बंटवारे से जुड़ा हो या न्यायालय में लंबित हो, इसके बावजूद कब्जे की कोशिश के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला नगर थाना क्षेत्र के गांधी चौक के पास सामने आया है। यहां पारिवारिक विवाद में फंसी संपत्ति पर कब्जे की कोशिश के दौरान 75 वर्षीय मनजीत सिंह बग्गा के घर पर आधी रात को हमला किए जाने का आरोप है। इस घटना में मनजीत सिंह बग्गा गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी पत्नी और बहन के मोबाइल फोन छीन लिए और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। इसी बीच आसपास के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी भागने लगे। स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति सलीमउद्दीन अंसारी को पकड़कर नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

पुश्तैनी मकान को लेकर चल रहा विवाद
मर्सी हॉस्पिटल में इलाजरत मनजीत सिंह बग्गा ने बताया कि गांधी चौक स्थित यादव होटल के बगल में उनका पुश्तैनी मकान है। पारिवारिक बंटवारे में यह मकान उन्हें मिला था, जहां वह अपनी पत्नी और बहन के साथ रहते हैं। उनके मुताबिक, उनके एक रिश्तेदार अजीत सिंह ने कथित तौर पर इस संपत्ति को जमीन कारोबारी धमेन्द्र शर्मा को बेच दिया। इस मामले को लेकर हाईकोर्ट में भी मुकदमा लंबित है। मनजीत सिंह बग्गा का आरोप है कि इसके बावजूद धमेन्द्र शर्मा मकान खाली कराने के लिए लगातार धमकी देते रहे हैं।

आधी रात को घर में घुसकर रॉड से हमला करने का आरोप
मनजीत सिंह बग्गा के अनुसार, सोमवार की रात करीब 12 बजे के बाद धमेन्द्र शर्मा और उनका भाई सुधीर शर्मा कुछ अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचे। दरवाजा खोलते ही सभी जबरन घर में घुस गए और उन पर रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में उनका सिर फट गया और कंधे की हड्डी टूट गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान घर में मौजूद उनकी पत्नी और बहन ने बाहर रहने वाले अपने बेटे को फोन करने की कोशिश की। आरोप है कि हमलावरों ने उनके मोबाइल फोन छीन लिए और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया।

स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
मनजीत सिंह बग्गा के मुताबिक, उनकी मां की चीखने की आवाज फोन पर सुनने के बाद उनके बेटे ने अपने दोस्तों को घर भेजा। दोस्तों और स्थानीय लोगों को मौके पर पहुंचते देख हमलावर भागने लगे। इसी दौरान लोगों ने सलीमउद्दीन अंसारी नामक एक व्यक्ति को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पकड़े गए सलीमउद्दीन अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मर्सी हॉस्पिटल में इलाजरत मनजीत सिंह बग्गा के फर्द बयान के आधार पर धमेन्द्र शर्मा, सुधीर शर्मा समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ने एसपी से की बात
मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह माथुर ने गिरिडीह एसपी से फोन पर बातचीत की। उन्होंने मुख्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। ज्योति सिंह माथुर ने कहा कि आधी रात को एक बुजुर्ग के घर में घुसकर उन पर हमला करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। जब जमीन से जुड़ा मामला न्यायालय में लंबित है, तो कानून को अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ पुलिस-प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

Tags - Giridih NewsLand DisputeJharkhand CrimeGandhi Chowk GiridihManjit Singh Bagga