रांची:
Ranchi News: सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक अज्ञात मरीज का राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS), रांची में सफलतापूर्वक ऑपरेशन (Operation) किया गया। मरीज के मस्तिष्क (Brain) में गंभीर चोट और रक्तस्राव (Bleeding) की स्थिति को देखते हुए न्यूरोसर्जरी विभाग (Department of Neurosurgery) के चिकित्सकों ने तत्काल सर्जरी का निर्णय लिया। फिलहाल मरीज का अस्पताल में उपचार जारी है और चिकित्सकों की टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।

6 अक्टूबर को रिम्स में कराया गया था भर्ती
रिम्स के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिशिर महतो के अनुसार, सड़क दुर्घटना के बाद एक व्यक्ति घायल मरीज को 6 अक्टूबर 2026 को रिम्स लेकर पहुंचा था। अस्पताल में जांच के दौरान मरीज के मस्तिष्क के दाहिने टेम्पोरो-पैराइटल क्षेत्र में एक्यूट सबड्यूरल हेमेटोमा (Acute Subdural Hematoma) और मिडलाइन शिफ्ट (Midline Shift) की स्थिति पाई गई। यह मस्तिष्क में रक्त जमा होने और दबाव बढ़ने से जुड़ी गंभीर स्थिति है।
.jpeg)
न्यूरोसर्जरी विभाग की टीम ने किया ऑपरेशन
मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए न्यूरोसर्जरी विभाग की टीम ने 7 अक्टूबर 2026 को राइट फ्रंटो-टेम्पोरो-पैराइटल डीकंप्रेसिव क्रेनिएक्टॉमी (Right Fronto-Temporo-Parietal Decompressive Craniectomy) की। इस सर्जरी में मस्तिष्क पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए खोपड़ी की हड्डी के एक हिस्से को अस्थायी रूप से हटाया जाता है। ऑपरेशन के दौरान निकाले गए हड्डी के हिस्से (बोन फ्लैप) को मरीज के पेट की सामने वाली दीवार के नीचे सुरक्षित रूप से संरक्षित किया गया है। मरीज की स्थिति स्थिर होने के बाद आगे की चिकित्सकीय प्रक्रिया आवश्यकतानुसार की जाएगी।
.jpeg)
मरीज की पहचान और परिजनों की तलाश जारी
डॉ. शिशिर महतो ने बताया कि मरीज को सड़क दुर्घटना के बाद एक व्यक्ति रिम्स लेकर आया था। फिलहाल मरीज की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, न्यूरोसर्जरी विभाग में मरीज का आवश्यक उपचार किया जा रहा है और उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।