logo

खूंटी में फादर बेनेदिक्त बारला पर हमले के विरोध में सड़क जाम, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

खूंटी में फादर बेनेदिक्त बारला पर हमले के विरोध में सड़क जाम, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

खूंटी:
Khunti News:
आरसी बालक मध्य विद्यालय, खूंटी के प्रिंसिपल फादर बेनेदिक्त बारला पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में बुधवार को मसीही समुदाय और आदिवासी समाज के लोगों ने भगत सिंह चौक पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हमले में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम के कारण खूंटी-सिमडेगा और रांची-चाईबासा मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाइक सवारों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, तोरपा के झामुमो विधायक सुदीप गुड़िया ने पल्स अस्पताल पहुंचकर घायल फादर का हाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। विधायक ने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार फादर की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।

आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
सड़क जाम का नेतृत्व कर रहे मार्शल बारला ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े विद्यालय के प्रिंसिपल पर जानलेवा हमला होना पूरे समाज के लिए बेहद दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं सामने आ रही हैं, जिन पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से फादर बेनेदिक्त बारला पर हमला करने वाले अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की, ताकि शांतिप्रिय खूंटी में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पुलिस की अपील के बावजूद सड़क से नहीं हटे प्रदर्शनकारी
सड़क जाम समाप्त कराने के लिए पुलिस अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाते रहे। अधिकारियों ने उनसे सड़क खाली करने और पुलिस को मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए समय देने की अपील की। पुलिस ने जांच में सहयोग करने का भी आग्रह किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते रहे।

अस्पताल पहुंचकर विधायक ने जाना फादर का हाल
इधर, तोरपा के झामुमो विधायक सुदीप गुड़िया घायल फादर बेनेदिक्त बारला का हाल जानने पल्स अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां चिकित्सकों से मुलाकात कर फादर को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का आग्रह किया। विधायक ने चिकित्सकों के हवाले से बताया कि फादर का सीटी स्कैन समेत अन्य जरूरी जांच की जा रही है। फिलहाल उनकी स्थिति नियंत्रण में है।

गोली लगने की पुष्टि नहीं, नुकीले हथियार से हमले की आशंका
विधायक सुदीप गुड़िया के अनुसार, चिकित्सकों ने बताया कि फादर को गोली नहीं लगी है। उन पर किसी नुकीली वस्तु या चाकू जैसे हथियार से हमला किए जाने की आशंका है। हालांकि, घटना में इस्तेमाल हथियार और हमले की परिस्थितियों को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

एसपी से बात कर की जल्द कार्रवाई की मांग
विधायक सुदीप गुड़िया ने घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक से भी बातचीत की और हमले में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आग्रह किया। उन्होंने आम लोगों से संयम बरतने और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द कार्रवाई करेगी।

Tags - Father Benedict BarlaKhunti NewsRC Balak SchoolTorpa MLAJharkhand Crime