रांची
पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) द्वारा आगामी 6 जुलाई 2026 को देश के सबसे बड़े 'छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह' का आयोजन किया जा रहा है। खेलगांव स्थित हरवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर आज शुक्रवार (12 जून) को पासवा की ओर से एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। इस प्रेस वार्ता में पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे, उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव, महासचिव डॉ. राजेश गुप्ता, प्रवक्ता मेंहुल दूबे समेत सदस्य पिया बर्मन, आरती कुमारी, नंदिनी कुमारी और अनामिका दूबे मुख्य रूप से उपस्थित थे।
65% या उससे अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा मंच
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने बताया कि इस वर्ष 10वीं और 12वीं की परीक्षा में JAC, CBSE और ICSE बोर्ड से 65 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को समारोह में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल 90 या 95 प्रतिशत अंक लाने वाले ही प्रतिभाशाली नहीं होते, बल्कि 65 प्रतिशत अंक लाने वाले बच्चों में भी अपार संभावनाएं होती हैं। पासवा का उद्देश्य ऐसे सभी बच्चों का हौसला बढ़ाना है जो कुछ अंकों से पिछड़ गए हैं। यह समारोह पिछले 13 वर्षों से लगातार आयोजित कर बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ा रहा है।
मंत्री दीपिका पांडे सिंह होंगी मुख्य अतिथि, मुकुंद नायक विशिष्ट अतिथि
इस भव्य समारोह की तैयारियां पासवा के मुख्य संरक्षक डॉ. रामेश्वर उरांव के मार्गदर्शन में युद्ध स्तर पर चल रही हैं। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माननीय मंत्री दीपिका पांडे सिंह होंगी, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मश्री मुकुंद नायक उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, झारखंड भर के 250 से अधिक विद्यालयों के प्रिंसिपल्स और डायरेक्टर्स भी विशेष रूप से उपस्थित होकर बच्चों को अपना आशीर्वाद देंगे। इस ऐतिहासिक क्षण के गवाह बनने के लिए कई अन्य राज्यों के पासवा प्रदेशाध्यक्ष भी रांची पहुंच रहे हैं।
प्रेस वार्ता के बाद आधिकारिक पोस्टर का हुआ विमोचन
प्रेस कॉन्फ्रेंस के समापन के बाद पासवा की पूरी टीम द्वारा छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह के आधिकारिक पोस्टर को लॉन्च किया गया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव और प्रदेश महासचिव डॉ. राजेश गुप्ता 'छोटू' ने कहा कि पूरी टीम इस आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयार है और बच्चों में इसे लेकर भारी उत्साह है। पासवा ने राज्य के सभी पात्र विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालयों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द और अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराकर इस गौरवमयी अभियान का हिस्सा बनें।
पूरी तरह नि:शुल्क है रजिस्ट्रेशन
संगठन की ओर से जानकारी दी गई कि इस सम्मान समारोह का हिस्सा बनने के लिए रजिस्ट्रेशन पूरी तरह से नि:शुल्क है। योग्य विद्यार्थी अपने मार्कशीट को नीचे दिए गए व्हाट्सएप नंबरों या ईमेल आईडी पर भेजकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं:
व्हाट्सएप नंबर: 9431109538, 9431114487, 7903714760, 8210351296
ई-मेल आईडी: alokdubey.ran@gmail.com
समय: 6 जुलाई को सुबह 9:30 बजे से समारोह की शुरुआत होगी, जहां बच्चों को सर्टिफिकेट और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।