logo

नवविवाहिता पत्नी की गला रेतकर फांसी पर लटका युवक, 6 माह पहले हुई थी लव मैरिज

नवविवाहिता पत्नी की गला रेतकर फांसी पर लटका युवक, 6 माह पहले हुई थी लव मैरिज

साहिबगंज: 
Sahibganj News: झारखंड के साहिबगंज जिले के राधानगर थाना (Radhanagar) क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। महेशबथान स्थित काशीनाथ मंडल टोला में एक पति ने कथित तौर पर अपनी नवविवाहिता पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी रविवार सुबह हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हत्या और आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

कमरे में मिले पति-पत्नी के शव
जानकारी के अनुसार, महेशबथान निवासी शंकर साहा के पुत्र विक्रम साहा (26) ने शनिवार रात इस घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि उसने पहले अपनी पत्नी मामुनि बसाक की गला रेतकर हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी। रविवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर विक्रम के छोटे भाई प्रशांत साहा को संदेह हुआ। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा खोलने पर उसने अपने बड़े भाई को फंदे से लटका हुआ पाया, जबकि भाभी मामुनि बसाक का शव खून से लथपथ अवस्था में जमीन पर पड़ा था।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने राधानगर थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एसडीपीओ राजमहल विमलेश कुमार त्रिपाठी और राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की छानबीन कर रही है।

छह महीने पहले हुई थी शादी
बताया जाता है कि विक्रम साहा अपने पिता शंकर साहा की पहली पत्नी का बेटा था। उसके दो भाई हैं। उसके पिता वर्तमान में अपनी दूसरी पत्नी के साथ झारखंड के धनबाद और पश्चिम बंगाल के जंगीपुर में फेरी लगाने का काम करते हैं। विक्रम साहा ने करीब छह महीने पहले राधानगर थाना क्षेत्र के मनिहारी टोला निवासी मामुनि बसाक से अंतरजातीय विवाह किया था। शादी के बाद उसका छोटा भाई भी उसके साथ रहता था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विक्रम ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या क्यों की। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Tags - Sahibganj NewsJharkhand CrimeRadhanagar Police StationCrime NewsJharkhand News