logo

पश्चिम बंगाल में भीषण सड़क हादसा, जामताड़ा के भाजपा नेता बृजकिशोर सिंह समेत दो की मौत, 5 घायल

पश्चिम बंगाल में भीषण सड़क हादसा, जामताड़ा के भाजपा नेता बृजकिशोर सिंह समेत दो की मौत, 5 घायल

जामताड़ा: 
Jamtara News: पश्चिम बंगाल के अंडाल के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जामताड़ा जिले की प्रसिद्ध बांग्ला कीर्तन मंडली के दो सदस्यों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई, जब कीर्तन मंडली पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में कार्यक्रम समाप्त करने के बाद वापस जामताड़ा लौट रही थी।

हादसे में भाजपा नेता और ढोलक वादक की मौत
मृतकों की पहचान प्रसिद्ध गायक सह भाजपा नेता बृजकिशोर सिंह और उनके सहयोगी ढोलक वादक हनुमान पंडित के रूप में हुई है। बृजकिशोर सिंह मूल रूप से नाला विधानसभा क्षेत्र के खेड़ा स्थित खुटाबांध गांव के निवासी थे, जबकि हनुमान पंडित बिंदापाथर थाना क्षेत्र के लाय बनी गांव के रहने वाले थे।

चालक को झपकी आने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन चालक को झपकी आ जाने के कारण गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में मिहिजाम थाना क्षेत्र के केलाही निवासी सुदीप मंडल और उत्पल चक्रवर्ती के अलावा मृतक हनुमान पंडित के भाई दीनबंधु पंडित सहित पांच लोग शामिल हैं।

जामताड़ा और नाला क्षेत्र में शोक की लहर
इस दर्दनाक घटना के बाद जामताड़ा जिले और पूरे नाला विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बृजकिशोर सिंह और हनुमान पंडित क्षेत्र की प्रसिद्ध बांग्ला कीर्तन मंडली से जुड़े थे। दोनों की मौत की खबर से स्थानीय लोगों और कीर्तन मंडली से जुड़े लोगों में गहरा दुख है।

घायलों से मिलने दुर्गापुर पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण पार्टी के मिहिजाम नगर अध्यक्ष लोकेश नाथ महतो, अभय सिंह, ठाकुर मनीष सिंह और अमित सिंह के साथ पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित एसडी अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया।

पुलिस कर रही मामले की जांच
इस अप्रत्याशित हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। हादसे में दो लोगों की मौत और पांच लोगों के घायल होने से दोनों परिवारों सहित कीर्तन मंडली से जुड़े लोगों को गहरा आघात पहुंचा है।

Tags - West Bengal Road AccidentJamtara BJP LeaderBrijkishore SinghRoad Accident NewsJamtara News