logo

सोनारी एयरपोर्ट पर अब भी विमानों की आवाजाही, फिर क्यों हटाये गये 74 पुलिसकर्मी?

सोनारी एयरपोर्ट पर अब भी विमानों की आवाजाही, फिर क्यों हटाये गये 74 पुलिसकर्मी?

जमशेदपुर: 
Jamsedpur News:
जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट (Sonari Airport) से कोलकाता और भुवनेश्वर (Kolkata and Bhubaneswar) के लिए नियमित व्यावसायिक विमान (Commercial aircraft) सेवाएं बंद होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात 74 पुलिसकर्मियों को वापस बुला लिया गया है। हालांकि, यहां विमानों की आवाजाही पूरी तरह बंद नहीं हुई है। अब भी प्रशिक्षु विमानों का परिचालन हो रहा है। इसके अलावा कॉरपोरेट विमानों, वीवीआईपी (VVIP) के चार्टर्ड विमानों (Chartered aircraft) और मेडिकल इमरजेंसी (Emergency) से जुड़े विमानों की आवाजाही भी जरूरत के अनुसार जारी रहती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब एयरपोर्ट पर विमानन गतिविधियां जारी हैं, तो वहां सुरक्षा जांच और निगरानी की जिम्मेदारी किसके पास है?

व्यावसायिक उड़ानें बंद, लेकिन विमानन गतिविधियां जारी
सोनारी एयरपोर्ट से नियमित व्यावसायिक उड़ानें बंद होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था में किए गए बदलाव ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एयरपोर्ट पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को वापस रांची बुला लिया गया है, जबकि यहां कई तरह की विमानन गतिविधियां अब भी जारी हैं। पहले एयरपोर्ट में प्रवेश करने वाले यात्रियों और अन्य लोगों की जांच की जाती थी। पुलिसकर्मियों की वापसी के बाद प्रवेश और सुरक्षा जांच की मौजूदा व्यवस्था क्या है, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है।

60 से अधिक लोग लेते हैं विमान उड़ाने का प्रशिक्षण
सूत्रों के अनुसार, सोनारी एयरपोर्ट पर 60 से अधिक लोग विमान उड़ाने का प्रशिक्षण लेते हैं। इसके अलावा छोटे प्रशिक्षु विमानों का परिचालन भी जारी है। कॉरपोरेट, वीवीआईपी और मेडिकल इमरजेंसी से जुड़े विमानों की आवाजाही भी जरूरत के अनुसार होती है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यहां सप्ताह में कम से कम दो विमानों के उतरने का सिलसिला बना हुआ है। ऐसे में सुरक्षा जांच की व्यवस्था और उसकी जिम्मेदारी को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आना जरूरी है।

चार एसआई, आठ एएसआई समेत 74 पुलिसकर्मी हटाये गये
सोनारी एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात 74 पुलिसकर्मियों को वापस बुलाया गया है। इनमें चार सब-इंस्पेक्टर (एसआई), आठ असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) और 62 पुलिस जवान शामिल हैं। इनकी जिम्मेदारी यात्रियों की सुरक्षा जांच और एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करना था। दरअसल, झारखंड विशेष शाखा ने 12 अक्टूबर 2026 को सोनारी एयरपोर्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों को वापस बुलाने का आदेश जारी किया था। आदेश में पूर्वी सिंहभूम के विशेष शाखा पुलिस उपाधीक्षक के 2 सितंबर 2026 के पत्र का हवाला दिया गया है। पुलिसकर्मियों की वापसी का आधार इंडिया वन एयर की व्यावसायिक विमान सेवाओं का स्थायी रूप से बंद होना बताया गया। आदेश के तहत सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को विशेष शाखा के एपीएसयू मुख्यालय, रांची में योगदान देने का निर्देश दिया गया।

सुरक्षा उपकरण भी वापस मंगाये गये
विशेष शाखा के आदेश में पुलिसकर्मियों के साथ एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए उपलब्ध कराये गये उपकरणों को भी संबंधित विभाग में जमा कराने का निर्देश दिया गया। जमशेदपुर के पुलिस उपाधीक्षक को पुलिसकर्मियों की निर्धारित समय पर रांची मुख्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी। वहीं, एयरपोर्ट के मुख्य विमानन सुरक्षा अधिकारी को सुरक्षा से संबंधित प्रभार सौंपने की प्रक्रिया पूरी कराने को कहा गया।

BCAS से 15 दिनों का प्रशिक्षण लेने के बाद हुई थी तैनाती
सोनारी एयरपोर्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों को विमानन सुरक्षा से संबंधित विशेष प्रशिक्षण दिया गया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन पुलिसकर्मियों ने रांची में ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) से 15 दिनों का प्रशिक्षण लिया था। प्रशिक्षण के बाद उनकी परीक्षा आयोजित की गयी और इसके पश्चात एयरपोर्ट पर तैनाती की गयी थी।

अब इन सवालों का जवाब जरूरी
पुलिसकर्मियों की वापसी के बाद सोनारी एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम सवाल खड़े हो रहे हैं। यहां प्रशिक्षण लेने वाले लोगों, प्रशिक्षु विमानों, कॉरपोरेट विमानों और वीवीआईपी के चार्टर्ड विमानों की सुरक्षा जांच कौन कर रहा है? एयरपोर्ट में प्रवेश करने वाले लोगों की जांच के लिए क्या कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गयी है? सुरक्षा उपकरण वापस लिये जाने के बाद मौजूदा सुरक्षा प्रोटोकॉल क्या है? क्या नियमित व्यावसायिक उड़ानें बंद होने के बावजूद जारी अन्य विमानन गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गयी है? इन सवालों पर संबंधित अधिकारियों की ओर से स्थिति स्पष्ट किया जाना जरूरी है, ताकि यह पता चल सके कि व्यावसायिक उड़ानें बंद होने के बाद भी संचालित हो रही विमानन गतिविधियों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किये गये हैं।

Tags - Sonari AirportJamshedpur NewsJharkhand PoliceAviation SecurityIndia One Air