गिरिडीह:
Girdih News: गिरिडीह जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। बगोदर के सरिया रोड स्थित विवेकनगर में एक नवनिर्मित दो मंजिला मकान में संचालित अवैध अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। करीब चार घंटे तक चली छापेमारी में लगभग 80 लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए गए। हालांकि, मौके से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री का संचालक छापेमारी के दौरान फरार हो गया। छापेमारी का नेतृत्व एसडीपीओ धनंजय कुमार राम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि विवेकनगर स्थित नंदू साव के नवनिर्मित मकान के अलग-अलग कमरों में कार्टून में बंद अंग्रेजी शराब की बोतलें रखी गई थीं। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए। जब्त शराब को तीन पिकअप वैन में लोड कर ले जाया गया।
.jpeg)
दूसरे राज्यों में शराब की आपूर्ति की आशंका
एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि यहां अवैध रूप से अंग्रेजी शराब तैयार कर दूसरे राज्यों में इसकी आपूर्ति की जाती होगी। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। हालांकि, इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब की आपूर्ति कहां-कहां की जाती थी, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।
.jpeg)
पर्व के मौसम में जहरीली शराब का खतरा
उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों के मौसम में अवैध शराब का निर्माण और बिक्री लोगों की जान के लिए खतरा बन सकता है। अवैध तरीके से तैयार की जाने वाली शराब जहरीली भी हो सकती है, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा होने के साथ जान जाने का भी खतरा रहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
.jpeg)
संयुक्त छापेमारी में कई अधिकारी शामिल
इस छापेमारी अभियान में उत्पाद विभाग के अधिकारी सुमितेष कुमार, महेश कुमार दास, रविरंजन और लक्ष्मण महतो सहित बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार, पुअनि आनंद कच्छप, पुअनि अभिषेक कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। फिलहाल, मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अब जांच टीम की नजर अवैध शराब की इस मिनी फैक्ट्री के संचालक और इससे जुड़े अन्य लोगों पर है।