गिरिडीह:
Giridih News: गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत भरकट्टा ओपी क्षेत्र के केंदुआडीह स्थित ठाकुर टोला में मंगलवार देर रात एक 32 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मुनेश्वर विश्वकर्मा के पुत्र नरेश विश्वकर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है, वहीं पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

जुआ खेलने के लिए पैसे मांगने पर हुआ विवाद
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्गा पूजा के दौरान जुआ खेलने के लिए पैसे मांगने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। मृतक के पिता मुनेश्वर विश्वकर्मा ने बताया कि उनका बेटा जुआ खेलने के लिए पैसे मांग रहा था। पैसे नहीं मिलने पर वह गुस्से में आ गया। वहीं, मृतक की पत्नी ने बताया कि उसका पति शराब के नशे में घर आया था और जुआ खेलने के लिए पैसे मांग रहा था। उसने सुबह पैसे देने की बात कही, लेकिन पति नहीं माना। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने उसे धक्का देकर कमरे में बंद कर दिया और बाहर से दरवाजा लगा दिया। इसके बाद उसने दूसरे स्थान पर रस्सी के सहारे फांसी लगा ली।
.jpeg)
आवाज लगाने पर भी नहीं बची जान
पत्नी के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 12:30 बजे की है। फांसी लगाने की जानकारी मिलने के बाद उसने काफी आवाज लगाई, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही भरकट्टा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को फंदे से लटका पाया। इसके बाद स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि राजकुमार नारायण सिंह और ग्रामीणों के सहयोग से शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।