logo

जमशेदपुर में फास्ट फूड खाने के दौरान विवाद, एक युवक की मौत; 3 घायल

जमशेदपुर में फास्ट फूड खाने के दौरान विवाद, एक युवक की मौत; 3 घायल

जमशेदपुर: 
Jamshedpur News:
आदित्यपुर की खाऊ गली में वेज रोल मिलने में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मंगलवार देर रात आयडा गेट के सामने एक फास्ट फूड ठेले पर हुई कहासुनी के बाद चाकूबाजी में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें मानगो निवासी शेखर तिर्की की इलाज के दौरान टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हैं। घटना के बाद पुलिस ने दुकान संचालक समेत तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

वेज रोल मिलने में देरी पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मानगो निवासी शेखर तिर्की आदित्यपुर में शिव मंदिर दुर्गा पूजा समिति (शंभू सिंह) के पंडाल में लाइटिंग का काम करने आया था। मंगलवार देर रात वह अपने साथी गोलू के साथ आयडा गेट के सामने स्थित खाऊ गली में वेज रोल खाने पहुंचा। इसी दौरान ऑर्डर मिलने में देरी को लेकर शेखर और दुकानदार के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

बीच-बचाव करने पहुंचे युवकों पर भी हमला
विवाद बढ़ने पर शेखर और गोलू ने फोन कर दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को मौके पर बुलाया। सूचना मिलने पर समिति का सदस्य सन्नी वहां पहुंचा। आरोप है कि इसके बाद दुकानदार और उसके स्टाफ ने सन्नी पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सागर झा और अरुण पांडे भी हमले की चपेट में आ गए। चाकूबाजी में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद खाऊ गली में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।

टीएमएच में शेखर तिर्की की मौत
घटना की सूचना मिलते ही गश्त कर रहे सरायकेला एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज और आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान शेखर तिर्की ने दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य घायलों का इलाज जारी है।

दुकान संचालक समेत तीन हिरासत में
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फास्ट फूड दुकान संचालक समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया है। एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और विवाद के दौरान किसकी क्या भूमिका थी, इसका पता लगाया जा रहा है। वेज रोल मिलने में देरी जैसे मामूली विवाद में चाकूबाजी और एक युवक की मौत की घटना ने आदित्यपुर की खाऊ गली में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Tags - Jamshedpur News Adityapur Murder Crime News Jamshedpur Jharkhand News TMH Jamshedpur