logo

जामताड़ा में साइबर ठगों का नया पैंतरा, फर्जी ई-मेल भेजकर वोटर लिस्ट से नाम कटने का दे रहे झांसा

जामताड़ा में साइबर ठगों का नया पैंतरा, फर्जी ई-मेल भेजकर वोटर लिस्ट से नाम कटने का दे रहे झांसा

जामताड़ा: 
Jamtara News:
साइबर अपराधी ठगी के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। अब उन्होंने मतदाताओं को निशाना बनाने के लिए फर्जी ई-मेल का सहारा लेना शुरू कर दिया है। इन दिनों साइबर ठग लोगों को ई-मेल भेजकर दावा कर रहे हैं कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान विसंगतियां पाए जाने के कारण उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटा दिया गया है। इस तरह के फर्जी संदेशों के जरिए मतदाताओं में डर पैदा कर उन्हें ठगी के जाल में फंसाने की कोशिश की जा रही है।

फर्जी लिंक भेजकर मांगी जा रही व्यक्तिगत जानकारी
साइबर ठगों की ओर से भेजे जा रहे फर्जी ई-मेल में मतदाताओं को नाम दोबारा सूची में शामिल कराने का झांसा दिया जा रहा है। इसके लिए ई-मेल में एक लिंक दिया जाता है, जिस पर क्लिक कर व्यक्तिगत जानकारी और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने को कहा जाता है। इस तरह ठग लोगों की संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के सभी ई-मेल पूरी तरह फर्जी और भ्रामक हैं।

ई-मेल के जरिए दस्तावेज जमा करने को नहीं कहा जाता
जिला प्रशासन के अनुसार, जिला निर्वाचन पदाधिकारी या निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी की ओर से कभी भी ई-मेल के माध्यम से प्रमाण-पत्र या अन्य दस्तावेज जमा करने के लिए नहीं कहा जाता है। इसलिए मतदाताओं को ऐसे किसी भी संदेश पर भरोसा नहीं करना चाहिए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।

BLO से करें संपर्क, आधिकारिक पोर्टल का ही करें इस्तेमाल
प्रशासन ने मतदाताओं को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि एसआईआर से जुड़ी किसी भी जानकारी या सत्यापन के लिए अपने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से सीधे संपर्क करें। ऑनलाइन निर्वाचन सेवाओं के लिए केवल आधिकारिक ECINET ऐप या निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in का ही इस्तेमाल करें।

ओटीपी और निजी दस्तावेज किसी से साझा न करें
आम नागरिकों को सलाह दी गई है कि किसी भी संदिग्ध ई-मेल या अनजान लिंक पर क्लिक न करें। अपनी व्यक्तिगत जानकारी, ओटीपी और जरूरी दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति या वेबसाइट के साथ साझा न करें। किसी भी तरह के संदेह की स्थिति में संबंधित निर्वाचन अधिकारी से संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करें।

जिला प्रशासन ने जारी की प्रेस विज्ञप्ति
मामले की गंभीरता को देखते हुए जामताड़ा जिला प्रशासन ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आम जनता को आगाह किया है। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे सतर्क रहें और फर्जी ई-मेल, भ्रामक सूचनाओं तथा साइबर ठगी के इस नए तरीके के झांसे में न आएं।

Tags - Jamtara Cyber CrimeVoter List FraudCyber Scam AlertSIR VerificationFake Email Warning