जामताड़ा:
Jamtara News: झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो (Jharkhand Assembly Speaker Rabindra Nath Mahto) ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) की माता और स्व. दिशोम गुरु शिबू सोरेन (late Dishom Guru Shibu Soren) की धर्मपत्नी रूपी सोरेन (Rupi Soren) के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस क्षति को राज्य और शोक संतप्त परिवार के लिए अपूरणीय बताया। अपने शोक संदेश में विधानसभा अध्यक्ष (Jharkhand Assembly Speaker) ने कहा कि रूपी सोरेन जी के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उनके निधन से झारखंड ने स्नेह और ममता से परिपूर्ण एक ऐसी मातृशक्ति को खो दिया है, जिसकी भरपाई असंभव है। उनका जाना केवल सोरेन परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि उनके स्नेह और आत्मीयता से जुड़े हर व्यक्ति के लिए भी एक बड़ा व्यक्तिगत आघात है।

शोकाकुल परिवार के प्रति जताई संवेदना
उन्होंने कहा कि दुख की इस विकट घड़ी में वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूरे शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस असह्य और असीम दुख को सहन करने का संबल एवं धैर्य प्रदान करें।