logo

सुशांत सिंह राजपूत के भाई का दावा, प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबूत रखने वाले थे एक्टर, उससे पहले हो गई हत्या

सुशांत सिंह राजपूत के भाई का दावा, प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबूत रखने वाले थे एक्टर, उससे पहले हो गई हत्या

द फॉलोअप डेस्क:

सुशांत सिंह राजपूत की मौत को छह साल से ज्यादा का वक्त गुजर चुका है, लेकिन उनके परिवार और फैंस के मन में आज भी कई सवाल अनसुलझे हैं। अब दिशा सालियान की मौत की दोबारा सीबीआई जांच के आदेश के बाद एक बार फिर सुशांत के परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है। बिहार के पूर्णिया स्थित सुशांत के पैतृक गांव में परिवार ने इस फैसले का स्वागत किया है। दरअसल, दिशा सालियान सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं। 8 जून 2020 को मुंबई की एक इमारत से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई थी। इसके ठीक छह दिन बाद, 14 जून 2020 को सुशांत अपने बांद्रा स्थित घर में मृत मिले थे। दोनों घटनाओं के बीच सिर्फ छह दिन का अंतर होने की वजह से लंबे समय से इनके बीच संभावित कनेक्शन को लेकर सवाल उठते रहे हैं।

 

 

पन्ना सिंह ने जताया न्यायपालिका पर भरोसा 

अब सुशांत के चचेरे भाई पन्ना सिंह ने कहा है कि परिवार को न्यायपालिका पर अब भी पूरा भरोसा है। पन्ना सिंह ने सुशांत की मौत को हत्या बताते हुए एक बड़ा दावा भी किया। उनके मुताबिक, सुशांत एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे, जिसमें वो कथित तौर पर कुछ सबूत सामने रखने वाले थे। पन्ना सिंह ने दावा किया कि इसी वजह से उनकी हत्या की गई। हालांकि, ये परिवार की ओर से किया गया दावा है और इसकी पुष्टि जांच के निष्कर्षों से ही हो सकेगी। वहीं, बिहार के पूर्व मंत्री और सुशांत के चचेरे भाई नीरज कुमार सिंह बबलू ने भी कहा कि परिवार को शुरू से ही सुशांत की मौत को लेकर शक था। उनका कहना है कि परिवार ने मुंबई जाकर वहां की परिस्थितियों को समझने के बाद लगातार हत्या की आशंका जताई थी। उन्होंने दिशा सालियान की मौत और सुशांत की मौत के बीच संबंध होने का भी दावा किया।

क्या इस बार जांच में मिलेंगे सारे सवालों के जवाब

बाबलू ने उस समय की महाराष्ट्र सरकार पर मामले को दबाने और सबूतों को खत्म या छिपाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया। हालांकि, इन आरोपों की भी स्वतंत्र पुष्टि जांच के निष्कर्षों से ही होनी है। छह दिन के अंतराल में हुई दो मौतें, परिवार के लगातार उठते सवाल और अब दिशा सालियान मामले में नए सिरे से CBI जांच, इन सबके बीच सुशांत के परिवार और उनके चाहने वालों की नजर अब जांच के अगले कदम पर है। परिवार को उम्मीद है कि इस बार जांच से उन सवालों के जवाब मिलेंगे, जिनका इंतजार सुशांत की मौत के बाद से लगातार किया जा रहा है।
 

यह भी पढें: ‘VVAAN’ के बाद अब सूरज बड़जात्या की फिल्म में छठ का रंग, सूप लेकर अर्घ्य देते दिखे आयुष्मान-शरवरी

Tags - Sushant Singh Rajput Disha Salian Death Case Disha Salian CBI Investigation Sushant Singh Rajput Death Case Sushant Singh Rajput Family