द फॉलोअप डेस्क:
टीवी इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच (TV Industry Casting Couch) को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। टीवी सीरियल ‘अनुपमा’ (Anupama) और ‘प्रतिज्ञा 2’ (Pratigya 2) में नजर आ चुकीं ट्रांसजेंडर एक्ट्रेस शुभी शर्मा (Shubhi Sharma) ने इंडस्ट्री में काम के बदले गलत मांग किए जाने का आरोप लगाया है। ‘टर्निंग टेल्स’ पॉडकास्ट में अपनी आपबीती साझा करते हुए शुभी ने बताया कि ‘बिग बॉस’ (Bigg Boss) से जुड़ी टीम के एक शख्स ने उनसे कथित तौर पर कॉम्प्रोमाइज करने की कोशिश की। शुभी के मुताबिक, दिन में वह शख्स उनसे प्रोफेशनल तरीके से बातचीत करता था, लेकिन रात में उसका व्यवहार बदल जाता था। एक्ट्रेस ने दावा किया कि उन्हें रात करीब दो बजे इंस्टाग्राम पर ‘हाय’ और ‘हाय बेबी’ जैसे मैसेज भेजे गए।

डिसअपीयरिंग मोड में आए मैसेज, दूसरे फोन से जुटाया सबूत
शुभी ने बताया कि संबंधित शख्स इंस्टाग्राम पर डिसअपीयरिंग मोड का इस्तेमाल कर रहा था, जिसमें मैसेज देखने के बाद गायब हो सकते हैं। उन्हें अंदेशा हुआ कि ऐसा जानबूझकर किया जा रहा है, ताकि बातचीत का कोई सबूत न बचे। इसके बाद उन्होंने दूसरे फोन से चैट की तस्वीरें खींच लीं। एक्ट्रेस के मुताबिक, उन्होंने उस शख्स की कथित अनुचित मांग को स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया। शुभी ने कहा कि उन्हें काम मिले या नहीं, वह किसी भी कीमत पर अपनी गरिमा और आत्मसम्मान से समझौता नहीं करेंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह ऐसे लोगों के साथ काम नहीं करना चाहतीं, जिनकी नीयत पर उन्हें संदेह हो।

शो की गिरती लोकप्रियता पर भी उठाए सवाल
शुभी शर्मा ने पॉडकास्ट के दौरान प्रोडक्शन टीमों में कथित तौर पर गलत नीयत रखने वाले लोगों की मौजूदगी पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यदि इंडस्ट्री में ऐसे लोग प्रभावशाली पदों पर बने रहेंगे, तो प्रतिभाशाली कलाकारों को अपनी क्षमता दिखाने का उचित अवसर कैसे मिलेगा? शुभी ने बड़े टीवी शोज की घटती लोकप्रियता पर सवाल उठाते हुए इसके लिए भी ऐसी परिस्थितियों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि वह आगे भी अपने सिद्धांतों पर कायम रहेंगी और तभी काम करेंगी, जब उन्हें सही माहौल और अच्छी टीम के साथ काम करने का अवसर मिलेगा। हालांकि, शुभी के आरोपों पर संबंधित व्यक्ति या टीम का पक्ष इस खबर में उपलब्ध नहीं है।