logo

Ramayana Box Office Prediction : पहले दिन 100-125 करोड़ कमाएगी रामायण? ट्रेड एक्सपर्ट्स ने जताया अनुमान

पहले दिन 100-125 करोड़ कमाएगी रामायण? ट्रेड एक्सपर्ट्स ने जताया अनुमान

द फॉलोअप डेस्क:

रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor), यश (Yash) और साई पल्लवी स्टारर फिल्म 'रामायण' (Ramayana) की रिलीज को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है। 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इसके बजट और पहले दिन की कमाई को लेकर हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के दोनों भागों को मिलाकर लगभग 4,000 करोड़ रुपये का बड़ा बजट बताया जा रहा है। ऐसे में ट्रेड एक्सपर्ट्स की नजर इसके ओपनिंग डे कलेक्शन पर टिकी है। फिल्म की कमाई को लेकर अलग-अलग अनुमान सामने आ रहे हैं। हालांकि, रिलीज से पहले लगाए जा रहे इन अनुमानों को अंतिम आंकड़ा नहीं माना जा सकता।

पहले दिन 50 से 125 करोड़ का अनुमान

फिल्म की कमाई को लेकर ट्रेड एक्सपर्ट्स की राय अलग-अलग है। ट्रेड एक्सपर्ट अक्षय राठी के अनुमान के मुताबिक, अगर हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत सभी भाषाओं में फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है, तो यह भारत में पहले दिन 100 से 125 करोड़ रुपये तक का कारोबार कर सकती है। वहीं, ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श का मानना है कि अभी ओपनिंग डे के आंकड़े पर कोई ठोस अनुमान लगाना जल्दबाजी होगी। उनके अनुसार, स्क्रीन की संख्या, शो की टाइमिंग, एडवांस बुकिंग और रिलीज के दिन होने वाली स्पॉट बुकिंग से फिल्म की कमाई तय होगी। वहीं, ट्रेड एक्सपर्ट गिरीश जौहर ने पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 50 करोड़ रुपये की शुरुआत का अनुमान जताया है। उनके मुताबिक, शुरुआती चार दिनों के लंबे वीकेंड में फिल्म का कारोबार 250 करोड़ रुपये के पार जा सकता है।

विजुअल इफेक्ट्स और स्टारकास्ट पर दांव

'रामायण' को लेकर दर्शकों के उत्साह की एक बड़ी वजह इसकी भव्यता, दमदार स्टारकास्ट और शानदार विजुअल इफेक्ट्स हैं। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है, जबकि रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आएंगे। यश के भी फिल्म में अहम किरदार निभाने की उम्मीद है। फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स पर भी खास ध्यान दिया गया है और हॉलीवुड के चर्चित स्टूडियो DNEG का नाम इस प्रोजेक्ट से जुड़ा है। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितने रिकॉर्ड बना पाएगी, यह दर्शकों की प्रतिक्रिया और कहानी से उनके जुड़ाव पर निर्भर करेगा। अब सबकी नजर 5 नवंबर की रिलीज पर है, जब फिल्म की असली कमाई की तस्वीर सामने आने लगेगी।

Tags - Entertainment News Entertainment Latest News Ramayana Box Office Collection Ramayana Box Office Prediction