द फॉलोअप डेस्क:
रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ में एंट्री लेते ही ‘स्प्लिट्सविला X6’ की विनर कियारा अनु अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में आ गई हैं। शो के प्रीमियर के दौरान कियारा ने अपने पुराने रिश्ते, ब्रेकअप और भरोसे से जुड़ी परेशानियों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि उनका रिलेशनशिप ही नहीं, बल्कि ब्रेकअप भी लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा है। कियारा ने उन लोगों को भी जवाब दिया, जो मानते हैं कि उन्होंने ‘स्प्लिट्सविला’ में गुल्लू की वजह से पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि वह इस बार अपनी पहचान खुद बनाने आई हैं और रिश्ते में मिले धोखे ने उन्हें पहले से ज्यादा मजबूत बनाया है।
.jpeg)
गुल्लू के साथ जीती थी स्प्लिट्सविला X6 की ट्रॉफी
कियारा अनु और कुशल तंवर उर्फ गुल्लू की मुलाकात ‘स्प्लिट्सविला X6’ में हुई थी। शो के दौरान दोनों की जोड़ी दर्शकों के बीच काफी चर्चा में रही और आखिरकार 16 मई 2026 को प्रसारित हुए ग्रैंड फिनाले में दोनों विजेता बने। इस जीत के साथ उन्हें ट्रॉफी और 20 लाख रुपये की इनामी राशि मिली। हालांकि, शो खत्म होने के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्ते में दरार की खबरें सामने आने लगीं। जून में सोशल मीडिया पर दोनों के एक-दूसरे को अनफॉलो करने और साथ की रील्स हटाने की खबरें सामने आई थीं। उस समय दोनों की ओर से रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया था।

‘अब समझ नहीं आता किस पर भरोसा करूं’
‘राइज एंड फॉल 2’ में अपने परिचय के दौरान कियारा ने कहा कि पिछले रिश्ते के अनुभवों के बाद उनके अंदर ट्रस्ट इश्यूज काफी बढ़ गए हैं। उन्होंने बताया कि अब उन्हें समझ नहीं आता कि किस पर भरोसा करें और किस पर नहीं। कियारा ने अपने भावनात्मक पक्षों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके अंदर खुशी, गुस्सा और उदासी, तीनों भावनाएं हैं, लेकिन भरोसा करना अब आसान नहीं रहा। हालांकि, उन्होंने अपने रिश्ते में कथित धोखे की वजह या ब्रेकअप के पीछे की पूरी कहानी स्पष्ट नहीं की। अब कियारा ‘राइज एंड फॉल 2’ के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रही हैं। वहीं, गुल्लू भी ‘रोडीज’ और ‘स्प्लिट्सविला X6’ जैसे रियलिटी शो से पहचान बना चुके हैं।