मधुबनी/पूर्वी चंपारण
पूर्वी चंपारण जिले में बुधवार रात जलसा के दौरान एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। घटना जिले के मधुबनी थाना क्षेत्र के भेलवा पंचायत अंतर्गत गुलाब खान गांव का है। घटना के बाद से इलाके में मातम का माहौल है।

घर लौटने के क्रम में चाकू से हमला
मृतक युवक की पहचान वार्ड नं-11 निवासी पप्पू खान के पुत्र फहद खान के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 20 वर्ष बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गांव में जलसा कार्यक्रम का आयोजन चल रहा था। इसी में शामिल होने फहद भी गया था, जहां फहद खान का फहरान खान और मो. सलीम के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ। हालांकि इस दौरान स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करा दिया था, लेकिन आरोप है कि फहद के घर लौटने के क्रम में रास्ते में ही दोनों आरोपियों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे फहद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद से दोनों आरोपी फरार है।

जमीन को लेकर विवाद चल रहा था
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि मृतक और आरोपी पक्ष के बीच करीब एक साल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस दोनों आरोपियों के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।