बिहार
बिहार में मॉनसून एक्टिव होने के कारण राज्य के कई हिस्सों में कहीं तेज धूप तो कहीं बारिश का दौर जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने आज 26 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही बारिश और बिजली गिरने को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
24 जिलों में आज येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, बक्सर, भोजपुर, पटना, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा, गया, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में रहने वाले लोगों से मौसम खराब होने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है।
सीवान-बक्सर समेत इन इलाकों में तेज बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, सीवान, बक्सर और औरंगाबाद में आज मौसम ज्यादा खराब रह सकता है। इन जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, गंगा के बढ़ते जलस्तर ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर नदी के तटीय इलाकों में खतरा बढ़ गया है और कई लोग सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हैं। गंगा के अलावा गंडक और सोन समेत कई नदियों का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है।
26 अगस्त से फिर बढ़ सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बिहार में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। 26 अगस्त को उत्तर बिहार और उत्तर-पूर्व बिहार के कुछ जिलों में मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद 27 अगस्त को सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार को छोड़कर अधिकांश जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।.jpeg)
28 और 29 अगस्त को भी बारिश से राहत नहीं
28 अगस्त को उत्तर बिहार, दक्षिण बिहार और सीमांचल के कई जिलों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, 29 अगस्त को भी राज्य के ज्यादातर जिलों में येलो अलर्ट रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों तक बिहार में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।
पटना में भी आज येलो अलर्ट
राजधानी पटना में भी मौसम विभाग ने आज येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह से ही शहर के कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं और दोपहर तक मौसम में बदलाव के साथ बारिश होने की संभावना है। सोमवार को भी पटना में दिनभर धूप और बादलों की आवाजाही बनी रही थी। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन उमस भरी गर्मी से लोगों को अभी तक खास राहत नहीं मिली है।