logo

शेयर मार्केट और बिटकॉइन में मुनाफे का झांसा देकर महिला से 1.37 लाख की ठगी

bitcoin321.jpg

मुजफ्फरपुर

मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र की गंज गौरिहार निवासी सुरैया परवीन को साइबर अपराधियों ने शेयर बाजार और बिटकॉइन में निवेश पर तीन गुना मुनाफे का लालच देकर 1.37 लाख रुपये की चपत लगा दी।
सुरैया ने पुलिस को बताया कि 6 जून को उन्हें व्हाट्सएप पर एक लिंक मिला, जिसमें एक ट्रेडिंग ऐप से जुड़ने और निवेश के बदले भारी मुनाफे का दावा किया गया था। शुरुआत में उन्होंने 3000 रुपये निवेश किए। फिर बताया गया कि स्लॉट फुल हो गया है और 8000 रुपये और देने होंगे। उन्होंने 5000 और भेज दिए। धीरे-धीरे, मुनाफे का झांसा देकर कुल 17 बार में 1.37 लाख रुपये UPI के माध्यम से वसूले गए।

साइबर ठगों ने व्हाट्सएप पर QR कोड भेजकर पैसे ऐंठे थे। जब ठगी का एहसास हुआ तो सुरैया ने 10 जून को राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर शिकायत की और फिर साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कराई। डीएसपी हिमांशु कुमार ने बताया कि मोबाइल नंबर और बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
व्यवसायिक सौदे के नाम पर 40 लाख की ठगी
पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के फेडरल कॉलोनी निवासी व्यवसायी शहबाज खान से 40 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगी का यह मामला मुजफ्फरपुर साइबर थाने में दर्ज हुआ है। शिकायत में शहबाज ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी अनिल अग्रवाल और बिहार के वैशाली जिले के मुकेश कुमार को नामजद आरोपित बनाया है।
शहबाज खान के अनुसार, दोनों आरोपियों से उनकी बात मोबाइल पर हुई थी। व्यवसायिक सामान की आपूर्ति के नाम पर पैसे मांगे गए और उन्होंने 13 जून को भगवानपुर स्थित एक बैंक शाखा से मुकेश के खाते में RTGS के जरिए क्रमश: 18 लाख और 22 लाख रुपये भेजे। पैसे ट्रांसफर करने के बाद से दोनों आरोपी फोन रिसीव नहीं कर रहे हैं। मुजफ्फरपुर साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार ने बताया कि चूंकि ट्रांजेक्शन मुजफ्फरपुर के बैंक से हुआ, इसलिए केस यहीं दर्ज हुआ है। पुलिस CDR और बैंक डिटेल्स खंगाल रही है।

Tags - Nationa। News Nationa। News Update Nationa। News।ive Country News Breaking News।atest