logo

बिहार में बदला मौसम का मिजाज, ठंडी हवाओं और बारिश से मिली राहत; अब बढ़ेगी गर्मी

544y.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार का मौसम इन दिनों बदलता नजर आ रहा है। ठंड का प्रभाव लगभग खत्म हो चुका है, लेकिन हल्की ठंडी हवाएं और बूंदाबांदी ने एक बार फिर ठंड का एहसास करा दिया है। रविवार सुबह से ही पटना, भागलपुर और आसपास के जिलों में घने बादल छाए रहे व हल्की बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को राहत मिली। सोमवार को भी मौसम काफी खुशनुमा रहा। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि जल्द ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में मार्च महीने में गर्मी का प्रकोप बढ़ सकता है।

बारिश और ठंडी हवाओं ने दी राहत
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार के अधिकांश जिलों में हल्की बारिश और ठंडी हवाएं चलने के कारण मौसम सुहावना बना रहा। इस दौरान पटना, भागलपुर, औरंगाबाद, गया, बक्सर जैसे इलाकों में बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई। भागलपुर में शनिवार सुबह 10:00 बजे के बाद हल्की बारिश हुई, जिससे वहां के तापमान में कुछ राहत मिली। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादल रह सकते हैं। इसके साथ ही हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।मार्च में पड़ेगी भीषण गर्मी
बहरहाल, मार्च में पड़ने वाली भीषण गर्मी का संकेत भी मौसम विभाग ने दिया है। इसके बाद बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास जैसे दक्षिण-पश्चिम बिहार के इलाकों में लू चलने की आशंका जताई गई है। बताया जा रहा है कि मार्च में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री तक पहुंच सकता है। फरवरी महीने में भी बिहार में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया था, जो इस बात का संकेत है कि गर्मी जल्दी दस्तक दे सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने जताया पूर्वानुमान
भारत मौसम विज्ञान केंद्र, पटना (IMD Patna) ने पूर्वानुमान जताया है कि 5 मार्च तक प्रदेश में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री के बीच रह सकता है। 6 और 7 मार्च को तापमान में हल्की गिरावट भी हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

पटना और भागलपुर में शनिवार को मौसम में बदलाव देखा गया। भागलपुर, बांका और मुंगेर जिलों में हल्की बारिश और ठंडी हवाएं चलीं। वहीं पटना में भी बादल बने रहे, जिससे मौसम ठंडा बना रहा। अगले 24 घंटों में पटना के तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि मार्च में तापमान सामान्य से ज्यादा हो सकता है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील
बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। ठंड के बाद गर्मी की दस्तक शुरू हो गई है, लेकिन हल्की बारिश और बादलों ने थोड़ी राहत जरूर दी है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, मार्च में यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी और गर्मी का असर तेज हो जाएगा। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी और लू से बचने के लिए पहले से ही सतर्क रहना होगा।

Tags - Bihar Weather Weather Forecast Weather News Bihar News Latest News Breaking News