logo

गयाजी में अवैध बालू पर छापेमारी के दौरान पुलिस पर हमला, पथराव से मचा हड़कंप

Screenshot_2026-04-13_161841.jpg

गयाजी

गयाजी में आज सुबह अवैध बालू के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। सिंधुगढ़ थाना क्षेत्र के कर्मा रोड पर हुई इस हिंसक झड़प में पुलिस और भीड़ के बीच जमकर टकराव हुआ। माफियाओं के इशारे पर उग्र हुई भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों को निशाना बनाते हुए पथराव शुरू कर दिया, जिसके जवाब में पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए कड़ा रुख अपनाते हुए लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस को कर्मा रोड पर अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों के गुजरने की गुप्त सूचना मिली। टीम मौके पर पहुंचकर एक बालू से लदे ट्रैक्टर को रोका, चालक ने होशियारी दिखाते हुए सड़क पर ही बालू अनलोड कर इसके तुरंत बाद स्थानीय लोगों और माफिया के गुर्गों ने पुलिस को घेर लिया। भीड़ का तर्क था कि जब ट्रैक्टर खाली है, तो पुलिस उसे जब्त क्यों कर रही है। यह बहस चंद मिनटों में खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई और चारों तरफ से ईंट-पत्थर बरसने लगे।पुलिस वाहन का शीशा चकनाचूर
अचानक हुए इस हमले में एक पुलिस वाहन का शीशा चकनाचूर हो गया और पुलिसकर्मियों को जान बचाकर पीछे हटना पड़ा। स्थिति को हाथ से निकलता देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और लाठीचार्ज शुरू किया। लाठियां चटकते ही उपद्रवी गलियों में दुबक गए। इस कार्रवाई के बाद मौके पर भारी तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस टीम पर पत्थरबाजी करते लोग साफ नजर आ रहे हैं।

खाकी पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
थाना अध्यक्ष निलेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर को जब्त कर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब उन चेहरों की पहचान कर रही है जिन्होंने भीड़ को पुलिस पर हमले के लिए उकसाया था। गयाजी के इस इलाके में अवैध बालू खनन समस्या बनी हुई है और पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि खाकी पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

Tags - GayajiBiharGayaji Breaking Newsillegal sandMafias