द फॉलोअप डेस्क
बिहार के भागलपुर में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु का 133 नंबर पिलर रविवार देर रात पहले बैठा और फिर पूरी तरह ध्वस्त होकर नदी में समा गया। घटना की शुरुआत रात 11:55 बजे पिलर में गड़बड़ी से हुई और रात 1:07 बजे तक स्थिति गंभीर हो गई। समय रहते पुलिसकर्मियों ने पुल खाली करा लिया, जिससे किसी तरह की जानमाल की क्षति नहीं हुई। भागलपुर और नवगछिया को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण पुल के शुरुआती हिस्से में धंसाव के बाद करीब 33 मीटर हिस्सा गंगा में गिर गया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और पुल पर आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया। अचानक हुई इस घटना से लोगों में दहशत फैल गई।

मिनट-दर-मिनट बिगड़ी स्थिति
रात 11:50 बजे पुल के सस्पेंशन में गैप देखा गया, जिसके बाद हालात तेजी से बिगड़ने लगे। रात 12:10 बजे यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का आकलन किया। 12:15 बजे एहतियातन दोनों ओर से यातायात बंद कर दिया गया। इसके बाद रात 12:50 बजे पुल का बड़ा हिस्सा टूटकर गंगा में समा गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

मरम्मत में लगेंगे 15-20 दिन, प्रशासन अलर्ट
इंजीनियरों के अनुसार पुल के करीब 33 मीटर हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसकी मरम्मत करना चुनौतीपूर्ण होगा। अधिकारियों का कहना है कि इसे ठीक करने में 15 से 20 दिन लग सकते हैं। रेंज आईजी विवेक कुमार के निर्देश पर एसएसपी प्रमोद कुमार यादव और अन्य अधिकारियों ने तत्काल यातायात रोक दिया। भारी वाहनों को घोघा, सबौर, जगदीशपुर और केजरेली में रोका गया है। जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर तैनात है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।