द फॉलोअप डेस्क:
Vaishali boat accident: वैशाली के राघोपुर (Raghopur) में मंगलवार की रात हुए नाव हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इस दर्दनाक दुर्घटना में 13 बच्चों की मौत हो गई, जबकि कुछ बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य के बीच एक भावुक कर देने वाला वीडियो सामने आया है। इसमें वैशाली की डीएम (DM) वर्षा सिंह (Varsha Singh) घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मिलती नजर आ रही हैं। इसी दौरान एक पीड़िता डीएम से लिपटकर रोने लगी और अपना दर्द बयां करने लगी। पीड़िता को इस तरह बिलखते देख डीएम ने उसे संभाला और ढांढस बंधाया। घटना की भयावहता और परिजनों का दुख इस वीडियो में साफ नजर आता है।

कैसे पलटी बच्चों से भरी नाव?
डीएम वर्षा सिंह के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 8:30 बजे नाव दुर्घटना की सूचना मिली थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक छोटी निजी नाव पर करीब 15 से 20 बच्चे सवार होकर पास के गांव में भोज खाने जा रहे थे। इसी दौरान नाव पलट गई और बच्चे हादसे का शिकार हो गए। मृत घोषित किए गए सभी बच्चों की उम्र करीब 15 वर्ष या उससे कम बताई गई है। घटना के बाद प्रशासन और बचाव दल ने राहत एवं तलाशी अभियान चलाया। हादसे में लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी रखने की बात भी कही गई। इस घटना ने एक बार फिर छोटी नावों में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने और जल सुरक्षा के इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सीएम सम्राट का मुआवजे का ऐलान
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने प्रशासन को राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। वहीं, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने वैशाली की डीएम से फोन पर बात कर हादसे और राहत-बचाव कार्य की जानकारी ली। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और चिराग पासवान ने भी पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और राघोपुर जाने की बात कही। हादसे के बाद अब पीड़ित परिवारों को मदद पहुंचाने के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों की जांच और जिम्मेदारी तय करना भी अहम होगा।