logo

बेटे को मंत्री बनाने पर घिरे उपेंद्र कुशवाहा ने तोड़ी चुप्पी, बोले- पार्टी बचाने के लिए ज़हर पीने जैसा निर्णय लिया

KUSHWAHA2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार की नयी सरकार का गठन कर दिया गया है, सभी ने शपथ भी ले लिए और मंत्री भी बनाये जा चुके हैं। इसी बीच नीतीश की नयी सरकार में उपेंद्र कुशवाहा के बेटे को मंत्री बनाये जाने के बाद बिहार की राजनीति में लगातार परिवारवाद की बात उठाई जा रही है। जिसमें लोगों कहना है कि जो लोग परिवारवाद के खिलाफ लड़ रहे हैं, वे खुद आज परिवार के लोगों को पार्टी में जगह दे रहे हैं। जिसके बाद आज खुद उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया के जरिये सबको जवाब दिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट लिखा है

जिसमें उन्होंने कहा "कल से मैं देख रहा हूं, हमारी पार्टी के निर्णय को लेकर पक्ष और विपक्ष में आ रही प्रतिक्रियाएं...उत्साहवर्धक भी, आलोचनात्मक भी..! आलोचनाएं स्वस्थ भी हैं, कुछ दूषित और पूर्वाग्रह से ग्रसित भी। स्वस्थ आलोचनाओं का मैं हृदय से सम्मान करता हूं। ऐसी आलोचनाएं हमें बहुत कुछ सिखाती हैं, संभालती हैं। क्योंकि ऐसे आलोचकों का मकसद पवित्र होता है। दूषित आलोचनाएं सिर्फ आलोचकों की नियत का चित्रण करती हैं। दोनों प्रकार के आलोचकों से कुछ कहना चाहता हूं।"

उन्होंने आगे लिखा 
पहले स्वस्थ आलोचकों से:- आपने मेरे उपर परिवारवाद का आरोप लगाया है। मेरा पक्ष है कि अगर आपने हमारे निर्णय को परिवारवाद की श्रेणी में रखा है, तो जरा समझिए मेरी विवशता को। पार्टी के अस्तित्व व भविष्य को बचाने व बनाए रखने के लिए मेरा यह कदम जरुरी ही नहीं अपरिहार्य था। मैं तमाम कारणों का सार्वजनिक विश्लेषण नहीं कर सकता, लेकिन आप सभी जानते हैं कि पूर्व में पार्टी के विलय जैसा भी अलोकप्रिय और एक तरह से लगभग आत्मघाती निर्णय लेना पड़ा था। जिसकी तीखी आलोचना बिहार भर में हुई। उस वक्त भी बड़े संघर्ष के बाद आप सभी के आशीर्वाद से पार्टी ने सांसद, विधायक सब बनाए। लोग जीते और निकल लिए।  झोली खाली की खाली रही। शुन्य पर पहूंच गए। पुनः ऐसी स्थिति न आए, सोचना ज़रूरी था।
उन्होंने आगे लिखा सवाल उठाइए, लेकिन जानिए। आज के हमारे निर्णय की जितनी आलोचना हो, लेकिन इसके बिना फिलहाल कोई दूसरा विकल्प फिर से शुन्य तक पहुंचा सकता था। भविष्य में जनता का आशीर्वाद  कितना मिलेगा, मालूम नहीं। परन्तु खुद के स्टेप से शुन्य तक पहुंचने का विकल्प खोलना उचित नहीं था। इतिहास की घटनाओं से यही मैंने सबक ली है।  समुद्र मंथन से अमृत और ज़हर दोनों निकलता है। कुछ लोगों को तो ज़हर पीना ही पड़ता है। वर्तमान के निर्णय से परिवारवाद का आरोप मेरे उपर लगेगा। यह जानते/समझते हुए भी निर्णय लेना पड़ा, जो मेरे लिए ज़हर पीने के बराबर था। फिर भी मैंने ऐसा निर्णय लिया। पार्टी को बनाए/बचाए रखने की जिद्द को मैंने प्राथमिकता दी। अपनी लोकप्रियता को कई बार जोखिम में डाले बिना कड़ा/बड़ा निर्णय लेना संभव नहीं होता। सो मैंने लिया।
उसके बाद उन्होंने लिखा पूर्वाग्रह से ग्रसित आलोचकों के लिए बस इतना ही:- 
"सवाल ज़हर का नहीं था, वो तो मैं पी गया । तकलीफ़ उन्हें तो बस इस बात से है कि मैं फिर से जी गया ।"
उन्होंने आगे लिखा "अरे भाई, रही बात दीपक प्रकाश की तो जरा समझिए - विद्यालय की कक्षा में फेल विद्यार्थी नहीं है। मेहनत से पढ़ाई करके कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की डिग्री ली है, पूर्वजों से संस्कार पाया है उसने। इंतजार कीजिए, थोड़ा वक्त दीजिए उसे। अपने को साबित करने का। करके दिखाएगा। अवश्य दिखाएगा। आपकी उम्मीदों और भरोसा पर खरा उतरेगा। वैसे भी किसी भी व्यक्ति की पात्रता का मूल्यांकन उसकी जाति या उसके परिवार से नहीं, उसकी काबिलियत और योग्यता से होना चाहिए।"
आपको बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा के बेटे को बिना चुनाव लड़े ही मंत्री पद सौंप दिया गया है। उन्होंने न ही विधानसभा का चुनाव लड़ा और न ही वे विधान परिषद के सदस्य हैं लेकिन फिर भी उन्होंने पंचायती राज विभाग सौंपा गया है। ऐसे में दीपक प्रकाश को अब 6 महीने के भीतर विधानसभा या विधान परिषद् का सदस्य बनना होगा। हालांकि राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि उन्हें MLC कोटे से सदन की सदस्यता दिलाई जाएगी।

Tags - bihar news bihar latest news bihar khabar bihar update bihar election bihar politics news bihar vidhansabha news BJP news JDU news NDA news nitish kumar upendra kushwaha deepak prakash