logo

CM नीतीश की समृद्धि यात्रा का आज तीसरा दिन, सीतामढ़ी और शिवहर को करोड़ों की योजनाओं की देंगे सौगात

nitishk.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का आज तीसरा दिन है। यात्रा के तीसरे दिन वे हेलिकॉप्टर से सीतामढ़ी के बेलसंड पहुंचेंगे। जहां वे करीब 546 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं की सौगात जिलेवासियों को देंगे। इसके बाद वे शिवहर जिले में पहुंचकर करीब 58 करोड़ रुपए की लागत वाली 103 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुबह 11 बजे सीतामढ़ी में बागमती नदी पर बने पुल का उद्घाटन करेंगे। इस पुल को जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। साथ ही बागमती नदी के तटबंध पर चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण भी करेंगे। मुख्यमंत्री के पहुंचने से पूर्व सभी सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई है। वहीं अधिकारियों को निरीक्षण से पहले सभी टेक्निकल इश्यू को सही कर लेने के निर्देश दे दिए गए है।
पुल का उद्घाटन करने के बाद सीएम बेलसंड स्थित हितनारायण सिंह हाई स्कूल जाएंगे। जहां CM का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया है। वहां वे सबसे पहले इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़े स्टॉल का निरीक्षण करेंगे। और फिर स्कूल में ही बने हॉल में वे अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री स्कूल के ही ग्राउंड में जनसंवाद कार्यक्रम के जरिये जनता को संबोधित करेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री शिवहर में अपने दौरे की शुरुआत देकुली धाम पहुंचकर मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य के उद्घाटन से करेंगे। इसके बाद वे कमलेश्वरी नंदन सिंह बस पड़ाव का भी उद्घाटन करेंगे। और फिर किसान मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार द्वारा सोमवार को शिवहर में 41 करोड़ 64 लाख 86 हजार 38 रुपए की लागत से निर्मित 75 योजनाओं का उद्घाटन किया जायेगा। वहीं, 16 करोड़ 92 लाख 25 हजार 465 रुपए की लागत से बनने वाली 28 योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। 
आपको बता दें कि पहले चरण में 16 जनवरी से शुरू हुई यह यात्रा 8 दिनों तक चलेगी। इस दौरान नीतीश कुमार 9 जिलों का दौरा करने वाले हैं और कई विकास योजनाओं की सौगात देने वाले हैं। वहीं इस यात्रा का समापन 24 जनवरी को वैशाली जिले में किया जायेगा। 
 

Tags - bihar news bihar khabar bihar update bihar trending news CM nitish kumar nitish kumar khabar samriddhi yatra news samriddhi yatra khabar