द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के पांचवें दिन आज सारण जिले के दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे छपरा पहुंचेंगे, जहां वे जिले को 536.80 करोड़ रुपये की सौगात देंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री 86.50 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और 450.30 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए पूरे क्षेत्र में 2 हजार से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।
दौरे की शुरुआत में मुख्यमंत्री जीविका दीदियों से संवाद करेंगे और उनके द्वारा संचालित सिलाई केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इस जीविका दीदी केंद्र की खास बात यह है कि यहां तैयार किए गए कपड़े जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजे जाएंगे। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से जीविका दीदियों को न केवल स्थायी रोजगार मिलेगा, बल्कि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर भी बन सकेंगी। इसके साथ ही वे जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए विभिन्न सरकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा भी लेंगे।
इसके बाद सीएम नीतीश आधुनिक सुविधाओं से लैस आईटीआई (ITI) बॉयज केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इस केंद्र में इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और सिविल जैसे ट्रेड के लिए आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, ताकि छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सके। इससे स्थानीय युवाओं को तकनीकी शिक्षा के लिए अब जिले से बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उनके लिए स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे।.jpeg)
यात्रा के अगले चरण में मुख्यमंत्री बिनतोलिया के पास निर्माणाधीन बस स्टैंड पहुंचेंगे, जहां वे एक जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से वे सीधे आम लोगों से जुड़ेंगे और उनकी समस्याओं व फीडबैक को सुनेंगे।