द फॉलोअप डेस्क:
बॉलीवुड (Bollywood) अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी (Tiger Shroff Car Firing) के मामले में बिहार के बेगूसराय (Begusarai) का कनेक्शन सामने आने के बाद मुंबई पुलिस की जांच तेज हो गई है। मुंबई की एक अदालत ने बुधवार को बेगूसराय निवासी ऋतिक कुमार उर्फ रोशन समेत तीन प्रमुख आरोपियों को 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। जांचकर्ताओं के अनुसार, इस वारदात को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य अनिल पंडित के निर्देश पर अंजाम दिया गया था। मुंबई पुलिस (Mumbai Police) अब तक इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें कथित शूटर रेहान उर्फ सुक्का, फूल सिंह और ऋतिक कुमार उर्फ रोशन भी शामिल हैं।

सलमान खान के घर की रेकी के बाद टाइगर श्रॉफ को बनाया निशाना?
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मुंबई पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पहले सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास की रेकी की थी। हालांकि, वहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण कथित तौर पर हमले की योजना बदल दी गई और इसके बाद टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने की योजना बनाई गई। हालांकि, पुलिस के एक अधिकारी ने पूछताछ के आधार पर किसी अन्य बॉलीवुड हस्ती को निशाना बनाने की जानकारी मिलने से इनकार किया है। ऐसे में सलमान खान के घर की रेकी से जुड़े दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी स्पष्ट नहीं है।

गोलीबारी के पीछे की साजिश और मकसद खंगाल रही पुलिस
मुंबई पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गोलीबारी के पीछे की साजिश, मकसद और अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने अदालत से आरोपियों की हिरासत की मांग करते हुए कहा कि मामले की तह तक पहुंचने के लिए आगे पूछताछ जरूरी है। अदालत ने तीन प्रमुख आरोपियों को 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। वहीं, 21 अक्टूबर को दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर 10 हो गई। जांच एजेंसियां कथित आपराधिक गिरोह से आरोपियों के संबंधों की भी पड़ताल कर रही हैं। फिलहाल, गोलीबारी के वास्तविक मकसद का खुलासा नहीं हुआ है।