द फॉलोअप डेस्क
बिहार में इन दिनों ठंड और कोहरे का असर कम होने की उम्मीद नहीं नजर आ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के हिमालय के तराई क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रह सकता है। 27 जनवरी की सुबह भी बिहार के कई जिले कोहरे और ठंड के चपेट में दिखे। सुबह-सुबह घना कोहरा और ठंडी हवा ने लोगों को परेशान किया।पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख सकता है
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में दो पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है। पहला विक्षोभ 29 जनवरी से और दूसरा 1 फरवरी से बिहार पर प्रभाव डाल सकता है। इसके अलावा उष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्टीम भी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय है, जो 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 120 नॉट तक की तेज हवाओं के साथ प्रभावी है।रात के समय बढ़ सकती है ठंड
आज की बात करें तो पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, किशनगंज, अररिया, सुपौल, मधुबनी और शिवहर जैसे जिलों में सुबह-सुबह घना कोहरा देखा गया। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप की हल्की किरणों ने ठंड में कुछ राहत दी है। लेकिन रात में ठंड का अहसास फिर से बढ़ सकता है।
धूप से मिल रही राहत
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 3 दिनों तक बिहार के न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। लेकिन उसके बाद इसमें 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल, सुबह और रात के वक्त हल्की ठंड महसूस हो रही है। जबकि दिन के समय धूप ने ठंड को थोड़ा कम करते हुए लोगों को राहत दी है।