द फॉलोअप,बिहार
बिहार में राजधानी पटना समेत कई जिलों में गुरुवार 14 मई को अंधेरा होने वाला है। शाम होते ही 6 जिलों में 15 मिनट के लिए सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल के तहत ब्लैकआउट का अभ्यास कराया जाएगा। सायरन बजते ही लोगों को अपने घरों, दुकानों की लाइट बंद करनी होगी।

इन जिलों में होगी ब्लैकआउट
दरअसल मॉक ड्रिल का मकसद लोगों को हवाई हमले, बड़े हादसे या किसी भी आपदा जैसी स्थिति के समय लोगों को सतर्क रहने और खुद को सुरक्षित रखने के तौर-तरीकों से अवगत कराना है। जिला प्रशासन के मुताबिक, राजधानी पटना सहित बेगूसराय, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज में ब्लैकआउट का अभ्यास कराया जाएगा। शाम 7 बजे से 7:15 तक अभ्यास कराया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से सायरन बजते ही अपने-अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों का लाइट बंद करने की अपील की है।

प्रशासन की अपील
इस दौरान पूरे इलाकों में पूरे 15 मिनट के लिए ब्लैकआउट जैसा माहौल बनाया जाएगा, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए लोग तैयार रहें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस दौरान लोगों को घबराने की जरुरत नहीं है। इस दौरान सड़क और मोहल्लों में सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियां तेज होगी। इससे प्रशासनिक टीमों के साथ-साथ आम लोगों की तैयारी और प्रतिक्रिया क्षमता का भी परीक्षण हो सकेगा।