logo

बांका थाने में मां के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पहुंची बच्ची, कहा- मुझे पापा के पास जाना है

ffgr.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार स्थित बांका टाउन थाना में एक 11 वर्षीय बच्ची ने सोमवार को अपनी मां से परेशान होकर पुलिस से मदद मांगने थाना पहुंची। पुलिस ने पहले समझाकर-बुझाकर उसे घर भेज दिया, लेकिन बच्ची फिर से दोबारा शिकायत लेकर थाना पहुंची और पिता के पास रहने की इच्छा जताई। बच्ची ने पुलिस से शिकायत की कि मां उसके साथ मारपीट करती है। बच्ची का नाम कशिश है। बच्ची ने पुलिस से गुहार लगाते हुए बताया कि वह अपनी मां राधा देवी के साथ बांका टाउन आनंद कालोनी स्थित किराये के मकान में रहती है। उसके पिता संदीप कुमार अमरपुर प्रखंड के सलेमपुर गांव के निवासी हैं, और दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं।

बच्ची ने पुलिस को बताया कि उसकी मां अक्सर उसके साथ मारपीट करती है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बच्ची की मां को थाना बुलाकर पूछताछ की। मां ने बताया कि वह दो बच्चों के साथ अकेले रहती है और आर्थिक व पारिवारिक दबाव के कारण बच्ची की देखभाल करने में कठिनाई हो रही है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति द्वारा भरण-पोषण के लिए पर्याप्त आर्थिक सहयोग नहीं दिया जाता है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि महिला संदीप कुमार की दूसरी पत्नी है।

बच्ची ने पुलिस को यह भी बताया कि उसकी मां किसी अन्य व्यक्ति से मोबाइल पर बातचीत करती है, जिसकी जानकारी पिता को देने के बाद घर में विवाद बढ़ गया। हालांकि, पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान महिला ने भी मोबाइल पर बातचीत करने की बात स्वीकार की।  जिसके बाद पारिवारिक तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। परिस्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मामले की सूचना चाइल्ड लाइन को दी। चाइल्ड लाइन की टीम को पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया गया है। फिलहाल पुलिस और चाइल्ड लाइन संयुक्त रूप से बच्ची के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान निकालने और उसके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में कार्रवाई कर रही है।

Tags - Banka Town police station case 11-year-old girl complaint Child seeks police help Bihar Kashish minor girl case Radha Devi mother allegation Sandeep Kumar Delhi laborer Amarpur Salempur village Domestic violence complaint child Child abuse allegat