logo

पटना में बच्चे का कटा सिर बरामद होने इलाके में मचा हड़कंप, नरबलि की आशंका

CRIME4.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पटना के फतुहा स्थित नदी थाना क्षेत्र में एक ऐसी खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। सोमवार की देर रात कच्ची दरगाह के समीप गंगा नदी के किनारे एक मासूम बच्चे का कटा हुआ सिर मिलने से हड़कंप मच गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने जब रेत पर बच्चे का क्षत-विक्षत सिर देखा, तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों में दहशत का माहौल बन हो गया। 
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई जिसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुँची। मामले की गंभीरता और वीभत्सता को देखते हुए तत्काल एफएसएल की टीम को जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने सिर को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में बच्चे के सिर पर किसी अत्यंत धारदार हथियार से वार के गहरे निशान पाए गए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बच्चे का धड़ अब तक बरामद नहीं हो सका है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार आसपास के इलाकों और नदी के तटों पर सर्च ऑपरेशन चला रही है।
इलाके में इस हत्याकांड को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। जिस तरह से केवल सिर बरामद हुआ है, उससे ग्रामीण नरबलि की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, पुलिस अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुँचने से बच रही है और इसे रंजिश या किसी अन्य क्रूर अपराध से जोड़कर भी देखने का प्रयास कर रही है। पुलिस की टीमें आसपास के गांवों में हाल के दिनों में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाल रही हैं और मासूम की शिनाख्त के लिए उसकी तस्वीर सभी नजदीकी थानों को भेज दी गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के सही समय और तरीके का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस की प्राथमिकता बच्चे के धड़ की बरामदगी और उसकी पहचान सुनिश्चित करना है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से कच्ची दरगाह और आसपास के इलाकों में लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से डरे हुए हैं।
 

Tags - bihar news bihar khabar bihar update bihar trending news patna newa patna khabar patna update