द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत आज सोमवार को काफी गहमागहमी के बीच हुई, लेकिन सदन में सबसे अधिक चर्चा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के पहुंचने के अंदाज की रही। राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव पैर में चोट के बावजूद व्हीलचेयर पर बैठकर विधानसभा पहुंचे। उन्हें इस स्थिति में देखकर वहां मौजूद लोग और समर्थक काफी हैरान रह गए। तेजस्वी ने अपनी चोट को लेकर सहजता दिखाते हुए कहा कि जीवन में ऐसी चीजें कभी-कभी हो जाती हैं।
सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि तेजस्वी यादव व्हीलचेयर पर बैठे हैं, जिसे उनके साथ मौजूद सदस्य और पुलिसकर्मी आगे बढ़ा रहे हैं। सदन के प्रवेश द्वार पर जब सीढ़ियां आईं, तो पुलिसकर्मियों ने तेजस्वी को उनकी व्हीलचेयर समेत उठाकर ऊपर पहुंचाया। शारीरिक कष्ट के बावजूद सदन की कार्यवाही में शामिल होने के उनके इस फैसले ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।
स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बाद भी उनकी उपस्थिति ने न केवल राजद कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है, बल्कि यह संकेत भी दिया है कि विपक्ष सरकार को घेरने के किसी भी मौके को हाथ से जाने नहीं देना चाहता। तेजस्वी का यह तेवर आने वाले दिनों में सत्र के और अधिक हंगामेदार होने की ओर इशारा कर रहा है।