द फॉलोअप डेस्क
दरभंगा से धर्म और आस्था की आड़ में महिलाओं के साथ यौन शोषण करने का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां के चर्चित कथावाचक श्रवण दास जी महाराज को यौन शोषण के आरोप में महिला थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कथावाचक पर एक महिला के साथ शादी का झांसा देकर एक साल तक यौन शोषण करने और फिर जबरन गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगा है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला ने दरभंगा के महिला थाना में कथावाचक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि महाराज ने उसे शादी का प्रलोभन दिया और पिछले एक वर्ष से उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनता रहा। इस दौरान जब वह गर्भवती हुई, तो आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसका गर्भपात भी करवा दिया।
इसमें सबसे चौंकाने वाला मामला तब सामने आया जब आरोपी कथावाचक और पीड़िता की शादी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वीडियो के वायरल होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि आरोपी श्रवण दास कथावाचक ने बाद में इस शादी को पूरी तरह से झूठा बताया और महिला को पत्नी के रूप में स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसी धोखे के बाद पीड़िता ने कानून का दरवाजा खटखटाया है।.jpg)
शिकायत मिलते ही महिला थाने में कांड संख्या 182/25 दर्ज की गई और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी। फ़िलहाल चर्चित कथावाचक को हिरासत में ले लिया गया है। महिला थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पीड़िता का मेडिकल जांच व इससे जुड़ी अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।