पटना।
पटना में स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के अंतर्गत पटना इलेक्ट्रिक सप्लाई यूनिट (PESU) द्वारा 26 फरवरी को विशेष सोलर मेला 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम से जोड़ना और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ उपलब्ध कराना है, ताकि राज्य में शहर की छतें ऊर्जा उत्पादन का केंद्र बन सकें। जानकारी के अनुसार, इसका आयोजन ऊर्जा आडिटोरियम शास्त्रीनगर में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। मेले में आगंतुकों के लिए इस योजना की जानकारी देने के साथ-साथ तकनीकी मार्गदर्शन और ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की विशेष व्यवस्था रहेगी। वहीं, कार्यक्रम में रूफटॉप सोलर सिस्टम की कार्यप्रणाली, लागत, रखरखाव और बचत से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जाएगी। अपनी छत, अपनी बिजली का संदेश इस मेले का मुख्य आकर्षण रहेगा।

बताया जा रहा है कि मेले के दौरान उपभोक्ताओं को बैंक लोन, सरकारी सब्सिडी तथा नेट-मीटरिंग से जुड़े पहलुओं पर विशेषज्ञों से परामर्श का अवसर मिलेगा। एमएनआरई, डिआइएससीओएम तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहेंगे, जबकि प्रमाणित सोलर वेंडर्स अपने उत्पाद और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर जिले के उन उपभोक्ताओं को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाकर अपना बिजली बिल शून्य कर लिया है। इन जीरो बिल उपभोक्ताओं का सम्मान अन्य नागरिकों को भी सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। कार्यक्रम का उद्घाटन ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव सह सीएमडी, बीएसपीएचसीएल के मनोज कुमार सिंह द्वारा किया जाएगा।
.jpeg)
वहीं, आयोजन में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, उपभोक्ता और सोलर उद्यमियों की भागीदारी रहेगी। जानकारी के मुताबिक, मेले में ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराने वालों को अतिरिक्त मेला छूट मिलने के साथ आसान ऋण सुविधा और सरकारी सब्सिडी का लाभ मिलेगा। गौरतलब है कि इस योजना के तहत एक से दो किलोवाट पर 30,000 रुपये प्रति किलोवाट तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम 78,000 रुपये तक सब्सिडी उपलब्ध है। वहीं, आयोजकों ने नागरिकों से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी छत को मिनी पावर हाउस बनाने और हर वर्ष हजारों रुपये की बचत करने की अपील की है।