logo

Dr Shri Krishna Singh Jayanti : बिहार केसरी श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर संजय सरावगी ने किया नमन

बिहार केसरी श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर संजय सरावगी ने किया नमन

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार (Bihar) भाजपा (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी (Sanjay Saraogi) ने बुधवार, 21 अक्टूबर को बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री एवं ‘बिहार केसरी’ डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती (Shri Krishna Singh Jayanti) पर आयोजित राजकीय समारोह में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) के साथ डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित राज्य सरकार के मंत्री, विधायक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बिहार के विकास में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

बिहार के विकास में श्री बाबू का योगदान

इस अवसर पर संजय सरावगी ने कहा कि बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह का जीवन संघर्ष, समर्पण और जनसेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से बिहार के विकास की मजबूत नींव रखी और राज्य को आधुनिकता की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार और कार्य आज भी बिहार के विकास के लिए प्रासंगिक हैं। सरावगी ने कहा कि श्री बाबू का योगदान बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में ही महत्वपूर्ण नहीं था, बल्कि उन्होंने सामाजिक और आर्थिक विकास के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए। उनके नेतृत्व में बिहार ने औद्योगिक विकास, शिक्षा, सिंचाई और आधारभूत संरचना के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। 

श्री बाबू के आदर्शों से बनेगा समृद्ध बिहार

उनका जीवन जनकल्याण और राज्य के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने आगे कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह का दूरदर्शी नेतृत्व, संघर्षशील व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण हमेशा लोगों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके आदर्शों को अपनाकर विकसित और समृद्ध बिहार के निर्माण के संकल्प को और मजबूत किया जा सकता है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार केसरी की जयंती हमें उनके विचारों और मूल्यों को याद करने के साथ-साथ बिहार के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध होने का संदेश देती है। उनके योगदान और आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Dr Shri Krishna Singh Jayanti Bihar Kesari Shri Krishna Singh Sanjay Saraogi