द फॉलोअप,बिहार
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार दोपहर 1 बजकर 57 मिनट पर भागलपुर पहुंचे। स्थानीय हवाई अड्डे पर उनके आगमन पर सांसदों, जनप्रतिनिधियों और एनडीए कार्यकर्ताओं ने फूलों के गुलदस्तों और नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इसकी तस्वीरें सीएम ने सोशल मीडिया पर साझा किया है।
#Live: भागलपुर जिले में विक्रमशिला पुल एवं गंगा पथ का निरीक्षण करते हुए... https://t.co/WMpja3r13T
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 31, 2026
बेली ब्रिज का निरीक्षण किया
हवाई अड्डे से निकलने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला सीधे विक्रमशिला सेतु पहुंचा। यहां उन्होंने हाल ही में बनाए गए बेली ब्रिज का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति, पुल की संरचना तथा यातायात व्यवस्था की जानकारी अधिकारियों से ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पुल पर आवागमन की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को यातायात को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। लगभग 2 बजकर 26 मिनट पर उनका काफिला वहां से रवाना हुआ। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा।

भागलपुर के विकास, बुनियादी ढांचे को मजबूत
इसके बाद मुख्यमंत्री समाहरणालय पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही आगामी विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। मुख्यमंत्री का यह दौरा भागलपुर के विकास, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बेली ब्रिज के संचालन और नई विकास योजनाओं के शुरू होने से क्षेत्र की जनता को आने वाले समय में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।