logo

आसमान से गिरा LED की तरह जलता डिवाइस, ‘Made in Korea’ देख मचा हड़कंप

आसमान से गिरा LED की तरह जलता डिवाइस, ‘Made in Korea’ देख मचा हड़कंप

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार (Bihar) के समस्तीपुर (Samastipur) जिले के विभूतिपुर में आसमान से गिरी एक रहस्यमयी चीज ने ग्रामीणों को हैरान कर दिया। बेलसंडी डीह गांव में रात के समय मिले इस डिवाइस में एलईडी बल्ब जल रहा था और उस पर ‘Made in Korea’ लिखा हुआ था। डिवाइस के साथ पैराशूट जैसी डोर भी जुड़ी थी। अचानक आसमान से इस तरह की वस्तु गिरने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयीं। कुछ ग्रामीणों ने इसे जासूसी उपकरण होने की आशंका जतायी, हालांकि अभी तक ऐसी किसी आशंका की पुष्टि नहीं हुई है।

डिवाइस पर कोरिया का नाम, पुलिस ने शुरू की जांच

रहस्यमयी डिवाइस मिलने की सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। ग्रामीणों के मुताबिक, डिवाइस के साथ जुड़ी डोर की लंबाई करीब 200 से 350 मीटर तक बतायी जा रही है। इसकी बनावट और उस पर विदेशी नाम लिखे होने के कारण लोगों के मन में कई सवाल उठने लगे। वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में डिवाइस पर मौसम विभाग से संबंधित जानकारी मिलने की बात सामने आयी है। इसके बाद इसके मौसम संबंधी उपकरण होने की संभावना जतायी जा रही है। हालांकि, इसकी वास्तविक पहचान अभी स्पष्ट नहीं है।

मौसम की जानकारी जुटाने वाला उपकरण होने की आशंका

मौसम का पूर्वानुमान तैयार करने के लिए मौसम संबंधी गुब्बारों के साथ विशेष उपकरण आसमान में भेजे जाते हैं। ये उपकरण तापमान, वायुदाब, नमी और हवा की गति जैसी जानकारियां जुटाने में मदद करते हैं। कई बार गुब्बारे के फटने के बाद उपकरण पैराशूट की मदद से नीचे उतरते हैं। ऐसे में समस्तीपुर के बेलसंडी डीह गांव में मिला डिवाइस भी इसी तरह की तकनीक से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, इसे मौसम विभाग का उपकरण मानने से पहले इसकी जांच जरूरी है। फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जिला स्तर पर भेज चुकी है और जांच पूरी होने के बाद ही पता चल सकेगा कि यह डिवाइस कहां से आया था और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Samastipur Mysterious Device Samastipur News Bihar Mysterious Device