द फॉलोअप डेस्क:
पटना (Patna) के बापू सभागार में आयोजित आईवीवाई भोजपुरी म्यूजिक अवॉर्ड 2026 के दौरान मगही गायक रोशन रोही का एक बयान चर्चा में आ गया है। अवॉर्ड शो (Award Show) में मगही गानों पर प्रस्तुति देने के बाद उन्होंने मंच से भोजपुरी के चर्चित गायक पवन सिंह और खेसारी लाल यादव का नाम लिया। इसके बाद उन्होंने इंडस्ट्री को लेकर अपनी बात रखी। रोशन रोही का कहना था कि उन्हें इंडस्ट्री में कौन क्या बोल रहा है और क्या कर रहा है, इससे कोई मतलब नहीं है। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

‘शेर अपनी ताकत से राजा कहलाता है’
मंच से बातचीत के दौरान रोशन रोही ने कहा कि उन्हें इंडस्ट्री से नहीं, बल्कि वहां मौजूद लोगों से मतलब है। इसी दौरान कार्यक्रम प्रबंधन की ओर से एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और कुछ कहा। इसके बाद रोशन रोही ने ‘ठीक है... ठीक है’ कहते हुए कुछ देर बोलने देने की अपील की। उन्होंने चार लाइन बोलने देने का अनुरोध भी किया, लेकिन उन्हें रोकने की कोशिश जारी रही। इसके बाद उन्होंने थोड़े सख्त लहजे में कहा, ‘मुझे इंडस्ट्री से मतलब नहीं है, मुझे आप लोगों से मतलब है।’ फिर उन्होंने कहा, ‘शेर अपनी ताकत से राजा कहलाता है, जंगल में चुनाव नहीं करवाता।’ इतना कहने के बाद वह ‘लव यू’ बोलकर मंच से उतर गए।

कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे पवन सिंह और खेसारी
रोशन रोही के बयान के समय पवन सिंह और खेसारी लाल यादव, दोनों ही कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे। जानकारी के मुताबिक, पवन सिंह अपना अवॉर्ड लेने और प्रस्तुति देने के बाद करीब एक घंटे पहले ही कार्यक्रम से जा चुके थे। वहीं, खेसारी लाल यादव अवॉर्ड शो में पहुंचे ही नहीं थे। फिलहाल, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर उनके बयान को लेकर चर्चा हो रही है। मंच पर प्रबंधन की ओर से आए व्यक्ति ने रोशन रोही से क्या कहा था, यह स्पष्ट नहीं है। इस मामले पर पवन सिंह, खेसारी लाल यादव या रोशन रोही की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आने की जानकारी नहीं है।