द फॉलोअप,बिहार
राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अयोध्या स्थित राम मंदिर में मिलने वाले चढ़ावे और दान की राशि को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। रोहिणी ने अपने पोस्ट में आरोप लगाते हुए लिखा कि भगवान श्रीराम के नाम पर मिलने वाला चढ़ावा और दान किसके पास पहुंच रहा है, इसका स्पष्ट हिसाब जनता के सामने नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब दान राशि का लेखा-जोखा पूछा जाता है, तब जवाब देने से बचने की कोशिश की जाती है।

ट्रस्ट और प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
रोहिणी ने लिखा कि एक कर्मचारी के पास से बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की खबरों के बाद मंदिर प्रबंधन और ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर के संचालन से जुड़े लोगों द्वारा दान, चंदे और कीमती जेवरातों के प्रबंधन में अनियमितताएं की जा रही हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर निर्माण के दौरान चंदे के उपयोग को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुके हैं।

संतों के आरोपों का किया जिक्र
इस दौरान रोहिणी ने ये भी जिक्र किया कि इससे पहले भी अयोध्या के कुछ साधु-संत, महंत और पुजारियों ने भी दान पात्र से करोड़ों रुपये की चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही मंदिर को मिलने वाले दान और चढ़ावे का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाना चाहिए।